शनिवार सुबह बालोतरा शहर के रामसेतु ओवरब्रिज पर एक बड़ा हादसा टल गया। नीलम सिनेमा के पास चलती स्विफ्ट कार का पिछला टायर अचानक निकल गया, जिससे कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर से कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। कार का पिछला टायर निकला जानकारी के अनुसार, यह घटना सुबह करीब 9:30 बजे हुई। एक स्विफ्ट कार बालोतरा नगर परिषद क्षेत्र से रामसेतु ओवरब्रिज की ओर जा रही थी। इसी दौरान कार का पिछला टायर अचानक खुलकर अलग हो गया और सड़क पर लुढ़क गया। टायर निकलते ही चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका। कार सीधे ओवरब्रिज पर बने साइड डिवाइडर से टकरा गई। गनीमत रही कि इस हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। हादसे के बाद पुल पर लंबा जाम घटना के बाद ओवरब्रिज पर वाहनों की लंबी कतार लग गई, जिससे यातायात बाधित हो गया। सूचना मिलते ही बालोतरा पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थिति का जायजा लिया, क्षतिग्रस्त कार को सड़क किनारे हटवाया और यातायात सुचारु करवाया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।


