बालोतरा में रक्तकोष मित्र मंडल सेवा संस्थान ने मानवता का उदाहरण पेश करते हुए एक लावारिस महिला का हिंदू रीति-रिवाजों के साथ अंतिम संस्कार किया। करीब नौ दिन पहले मंडली थाना क्षेत्र में भारतमाला रोड पर यह महिला घायल अवस्था में मिली थी, जिसकी उपचार के दौरान मौत हो गई थी। नौ दिन बीत जाने के बावजूद उसकी पहचान नहीं हो पाई थी। हेड कॉन्स्टेबल अजय कुमार ने बताया कि मंडली और कल्याणपुर थाना पुलिस मृतका की पहचान के लिए लगातार प्रयास कर रही थी। आसपास के क्षेत्रों में पूछताछ, फोटो प्रसारण और विभिन्न माध्यमों से जानकारी जुटाई गई, लेकिन कोई भी परिजन सामने नहीं आया। नियमानुसार, लावारिस शव होने पर इसे नगर परिषद और सेवा संस्थान को अंतिम संस्कार के लिए सौंपा गया। संस्थान अध्यक्ष पंकज सिंह डाभी ने बताया कि संस्थान के सदस्यों ने इस महिला का अंतिम संस्कार पूरे विधि-विधान से करवाया। संस्थान के कोषाध्यक्ष मोहम्मद रमजान ने कहा कि मंडल का मुख्य उद्देश्य मानव सेवा है, और ऐसे पुण्य कार्य समाज को सकारात्मक संदेश देते हैं। अंत्येष्टि के दौरान नितेश प्रजापत, मो. रमजान, सुरेंद्र नामा, भेरू जोगसन, सुरेश बारूपाल, अजय, विजय गोस्वामी, पुष्पराज प्रजापत, नारायण साई, घेवर राठौड़, राकेश सुथार, विष्णु सोनी, हड़मत जीनगर, देवेंद्र, दिलीप, विक्रमसिंह चारण सहित नगर परिषद कार्मिक और पुलिस स्टाफ हेड कॉन्स्टेबल अजय कुमार, कॉन्स्टेबल बुलीदान सिंह तथा समाजसेवी प्रेमा राम आदि उपस्थित रहे।


