बालोतरा जिले के सरवडी गांव के पास नेशनल हाईवे 25 पर शुक्रवार शाम करीब 4 बजे एक भीषण सड़क हादसा हो गया। जोधपुर से सांचौर जा रही एक बस ने ओवरटेक के प्रयास में सामने से आ रहे ट्रेलर को टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में मौके पर ही 6 लोगों की मौत हो गई, जबकि 9 अन्य यात्री घायल हो गए। शनिवार सुबह मेडिकल टीम ने मृतकों का पाॅस्टमार्टम कर शव परिजनों को सौंपा। पचपदरा थानाधिकारी अचलाराम ने आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद शव परिजनों को सौंप दिए। मृतकों की पहचान नरपत (50) पुत्र सदाराम, निवासी चितलवाना, जालोर, नगाराम (38) पुत्र पानाराम देवासी, निवासी बोडवा सायला, अनुशा (22) पुत्री भगवानाराम विश्नोई, निवासी दातां, सांचौर, शिवराज (3) पुत्र धारूराम, निवासी बागोड़ा, युवराज (6) पुत्र धारूराम, निवासी बागोड़ा, श्रवण (35) पुत्र कानाराम, निवासी भाखरपुरा, गुडामालानी के रूप में हुई है। इस हादसे में बागोड़ा निवासी धारूराम ने अपने दो मासूम बेटों शिवराज (3) और युवराज (6) को खो दिया। अपने बच्चों को खोने के बाद धारूराम ने बिलखते हुए कहा – मैं कुछ नहीं कह सकता… निशब्द हूं। मेरे बच्चे चले गए। मेरी जिंदगी खत्म हो गई। अब कार्रवाई हो या न हो, मेरी दुनिया उजड़ गई। इस दुखद घटना से गांव और आसपास के क्षेत्रों में शोक की लहर है।


