बालोद जनपद पंचायत चुनाव में भाजपा ने अपनी मजबूत पकड़ बनाए रखते हुए एक बार फिर अध्यक्ष और उपाध्यक्ष दोनों पदों पर जीत दर्ज की। अध्यक्ष पद के लिए दोपहर 12 बजे नामांकन प्रक्रिया शुरू हुई। इसके बाद समीक्षा और दोपहर 1 बजे तक नाम वापसी का समय रखा गया। दोपहर 1.45 बजे मतदान हुआ और 2 बजे स्पष्ट हो गया कि भाजपा समर्थित प्रत्याशी सरस्वती टेमरिया ने कांग्रेस की प्रत्याशी अमृता नेताम को 4 वोटों से हराकर जीत दर्ज कर ली है। सरस्वती को 10 वोट और अमृता को 6 वोट मिले। दिनेश सिन्हा उपाध्यक्ष बने उपाध्यक्ष पद के लिए चुनाव प्रक्रिया 3 बजे शुरू हुई। शाम 4.45 बजे मतदान संपन्न हुआ और शाम 5 बजे परिणाम घोषित किए गए, जिसमें भाजपा के दिनेश सिन्हा को 9 वोट और कांग्रेस प्रत्याशी लोकेश डड़सेना को 7 वोट मिले। भाजपा का लगातार 5वीं बार वर्चस्व इस जीत के साथ भाजपा ने लगातार पांचवीं बार बालोद जनपद पंचायत में अध्यक्ष पद पर अपना वर्चस्व साबित किया। इस चुनाव के पर्यवेक्षक के रूप में गुंडरदेही के पूर्व विधायक वीरेंद्र साहू मौजूद रहे। उन्होंने पूरी चुनाव प्रक्रिया पर नजर रखी और शांतिपूर्ण मतदान कराया। भाजपा कार्यकर्ताओं ने जमकर मनाया जश्न चुनाव परिणाम घोषित होते ही जनपद पंचायत कार्यालय के बाहर भाजपा कार्यकर्ताओं ने जमकर आतिशबाजी की। भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने रंग-गुलाल उड़ाकर खुशी मनाई। इसके बाद भव्य रैली निकालते हुए भाजपा कार्यकर्ता जिला भाजपा कार्यालय पहुंचे। जहां विजयी प्रत्याशियों का जोरदार स्वागत किया गया। यह भाजपा के कार्यकर्ताओं की जीत – सरस्वती अध्यक्ष पद पर विजयी सरस्वती टेमरिया ने अपनी जीत को संगठन और कार्यकर्ताओं की जीत बताया। वहीं वरिष्ठ भाजपा नेता राकेश यादव ने कहा कि हम विकास कार्यों में कोई कमी होने नहीं देंगे।


