छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में त्रि-स्तरीय पंचायत चुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने शानदार प्रदर्शन किया है। गुरूर जनपद में बीजेपी ने 21 सीटों में से 18 सीटें जीतकर अपना दबदबा कायम किया। यहां सबसे चर्चित मुकाबला था, जहां बीजेपी के दुर्गानंद साहू ने प्रदेश के पूर्व गृह मंत्री ताम्रध्वज साहू के भतीजे तोषण साहू को 1,020 मतों के अंतर से पराजित किया। विजयी उम्मीदवार दुर्गानंद साहू ने इस जीत को कार्यकर्ताओं और मतदाताओं का आशीर्वाद बताया। जिले के चुनाव परिणामों की बात करें तो 550 मतदान केंद्रों में करीब 80 प्रतिशत मतदान हुआ। जिला पंचायत की 5 सीटें बीजेपी के खाते में गईं। गुण्डरदेही जनपद में बीजेपी और कांग्रेस दोनों को 10-10 सीटें मिलीं, जबकि 4 सीटें अन्य प्रत्याशियों के पास गईं। गुरूर जनपद में कांग्रेस को मात्र 2 सीटें मिलीं और एक सीट निर्दलीय उम्मीदवार ने जीती। मतगणना के बाद देर रात तक मतदान दलों के पहुंचने का क्रम जारी रहा।


