छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में बारिश से बचने पेड़ के नीचे रुके मजदूरों पर आकाशीय बिजली गिरने से एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों का जिला अस्पताल में इलाज जारी है। घटना मंगलवार शाम करीब 4.30 बजे की है। वन विभाग की ओर से ग्राम देउरतराई के मजदूर रामजी कोर्राम (55), संतु यादव (65), राजकुमार कोमर्रा (51) और गोविंद ठाकुर (30) को तांदुला जलाशय के पास धूम्रापठार के जंगल में वृक्षारोपण के लिए सीड बॉल (बीज बॉल) बनाने भेजा गया था। लौटते समय मौसम बिगड़ गया। बारिश से बचने के लिए मजदूर एक पेड़ के नीचे रुके, तभी आकाशीय बिजली गिर गई। घटना के बाद पास के मजदूरों और स्थानीय लोगों ने वन विभाग और मछुआरों को सूचना दी। मछुआरे बोट लेकर मौके पर पहुंचे और सभी को बाहर निकालकर जिला अस्पताल पहुंचाया। लेकिन तब तक रामजी कोर्राम की मौत हो चुकी थी। तेज आवाज आई, फिर कुछ याद नहीं गोविंद ठाकुर प्रत्यक्षदर्शी गोविंद ठाकुर ने बताया कि बारिश से बचने के लिए सभी एक पेड़ के नीचे रुके थे। तभी तेज रोशनी और धमाके जैसी आवाज हुई। ऐसा लगा जैसे बम गिरा हो। होश आने पर देखा कि हमें बोट के जरिए जंगल से बाहर निकाला जा रहा था। सभी साथी बेहोश पड़े थे। अभी भी शरीर के कई हिस्सों में सुन्नपन है।


