बालोद जिले के डोंडी ब्लॉक स्थित ग्राम केशवपुर के ग्रामीणों ने प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। ग्रामीणों का कहना है कि प्रशासन उनकी वन अधिकार पट्टे की जमीन में कटौती कर रहा है। केशवपुर पहले वन ग्राम था, जिसे अब राजस्व ग्राम में बदल दिया गया है। इस बदलाव के बाद प्रशासन नया नक्शा जारी कर रहा है। ग्रामीण महेश्वर गावड़े ने बताया कि सरकार ने पहले जो वन अधिकार पट्टा दिया था, उसमें उन्हें ज्यादा जमीन मिली थी। लेकिन नए नक्शे में उनकी जमीन कम कर दी गई है। ग्रामीण मोहित राम ताराम ने कहा कि वे आदिवासी हैं और जल, जंगल, जमीन उनका अधिकार है। उन्हें पहले से ही पट्टा मिला हुआ है। अब सरकार उनकी जमीन छीन रही है, जिसका वे विरोध कर रहे हैं। इस मामले में जिले के अपर कलेक्टर चंद्रकांत कौशिक का कहना है कि सभी कार्रवाई नियमानुसार की जा रही है। नए सिरे से यहां पर सर्वे किया जा रहा है। नया नक्शा जारी किया जा रहा है और यदि कोई कब्जे का विषय है तो इसमें इस बात का भी ध्यान रखा जा रहा है कि आखिर कब्जा कितने समय पहले से किया गया था। 14 दिसंबर 2005 से पहले का कब्जा है तो उसे बारीकी से ध्यान दिया जा रहा है। किसी के साथ कोई गलत ना हो इसका ध्यान रखा जा रहा है।


