छत्तीसगढ़ के बालोद जिले के ग्राम दुधली में 9 से 13 जनवरी 2026 तक आयोजित होने वाले प्रथम राष्ट्रीय रोवर–रेंजर जंबूरी के सफल आयोजन को लेकर तैयारियां तेज हो चुकी है। संयुक्त जिला कार्यालय सभाकक्ष में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में आयोजन से जुड़ी विभागवार तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक की अध्यक्षता कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा ने की। इस अवसर पर भारत स्काउट और गाइड्स के राज्य मुख्य आयुक्त इन्द्रजीत सिंह खालसा, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुनील चंद्रवंशी, राज्य सचिव जितेन्द्र साहू, राज्य रोवर आयुक्त अशोक देशमुख, राज्य प्रशिक्षण आयुक्त पूनम सिंह साहू, एसडीएम डौण्डीलोहारा शिवनाथ बघेल, जिला शिक्षा अधिकारी मधुलिका तिवारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे। पहली बार हो रहा आयोजन कलेक्टर ने कहा कि, राज्य और जिले में पहली बार आयोजित हो रही यह राष्ट्रीय जंबूरी बालोद के लिए गौरव का विषय है। इसलिए आयोजन से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं राष्ट्रीय स्तर की गरिमा के अनुरूप उत्कृष्ट और सुव्यवस्थित होनी चाहिए। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को समय-सीमा में तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश दिए। बैठक में कार्यक्रम स्थल पर अधोसंरचना विकास, यातायात व्यवस्था, हेलीपेड निर्माण, सुरक्षा व्यवस्था, पेयजल, विद्युत आपूर्ति और चिकित्सा सुविधाओं को लेकर आवश्यक निर्देश दिए गए। जल संसाधन विभाग को जलापूर्ति, लोक निर्माण विभाग को शुद्ध पेयजल व्यवस्था, विद्युत वितरण कंपनी को निर्बाध बिजली आपूर्ति तथा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को 24 घंटे चिकित्सकों और चिकित्सा कर्मियों की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा गया। इसके अलावा जंबूरी स्थल पर विभिन्न विभागों द्वारा प्रदर्शनी एवं अन्य गतिविधियों के आयोजन के भी निर्देश दिए गए। बैठक में विभागवार तैयारियों की गहन समीक्षा करते हुए समन्वय के साथ कार्य करने पर जोर दिया गया। उल्लेखनीय है कि इस वृहद आयोजन में देश के विभिन्न राज्यों के साथ-साथ अन्य देशों से भी रोवर–रेंजर भाग लेंगे, जिससे बालोद जिला राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाएगा।


