भास्कर न्यूज | लातेहार अक्षय तृतीया पर लातेहार में बाल विवाह रोकने के लिए विशेष अभियान चलाया गया। जिला बाल संरक्षण इकाई, चाइल्ड हेल्पलाइन और वेदिक सोसाइटी ने बुधवार को मिलकर यह अभियान चलाया। जिले के मनिका के दोमुहान मंदिर समेत कई मंदिरों में जागरूकता कार्यक्रम हुए। इन मंदिरों में विवाह कराए जाते हैं। पुजारी श्याम सुंदर भारती ने बाल विवाह के खिलाफ लोगों को शपथ दिलाई। कहा कि मंदिर परिसर में कोई बाल विवाह नहीं होगा। अगर जानकारी मिली तो प्रशासन को सूचना दी जाएगी। सोसाइटी के निदेशक चंद्रशेखर सिंह ने बताया कि संस्था जस्ट राइट्स फॉर चिल्ड्रन के साथ मिलकर यह अभियान चल रहा है। शादी-ब्याह के मौसम को देखते हुए सभी धर्मों के पुरोहितों के बीच जागरूकता फैलाई गई। इसका असर दिखा। इस बार अक्षय तृतीया पर जिले में एक भी बाल विवाह नहीं हुआ। डीसीपीयू के नीरज तिवारी ने कहा कि जागरूकता की कमी से बाल विवाह होते हैं। यह कानूनन अपराध है। इसमें शामिल होने या सेवा देने पर दो साल की सजा, जुर्माना या दोनों हो सकते हैं। चाइल्ड हेल्पलाइन के समन्वयक जयमंगल पासवान ने 1098 नंबर पर शिकायत या मदद के लिए कॉल करने की अपील की। कार्यक्रम का संचालन रविशंकर ने किया। मौके पर मंदिर ट्रस्ट के नवल सिंह, बाल विकास परियोजना पदाधिकारी फरजाना कारिया, गीता चौरसिया, वेदिक सोसाइटी से प्रेम प्रकाश, ओमप्रकाश तिवारी, जिला बाल संरक्षण इकाई से नीरज तिवारी, रामकुमार सिंह, चाइल्ड हेल्पलाइन के समन्वयक जयमंगल पासवान, बचपन बचाओ आंदोलन से रविशंकर, आंगनबाड़ी सेविका रूबी देवी, कमलावती देवी, सविता उरांव, ललित सिंह, कौली देवी समेत कई लोग मौजूद रहे।


