बाहरी तत्वों की कॉलेज में एंट्री पर चिंता ड्रेस कोड़ लागू करने की मांग पर ज्ञापन

भास्कर न्यूज | अंबिकापुर राजीव गांधी स्नातकोत्तर कॉलेज की अव्यवस्थाओं के खिलाफ बुधवार को छात्रों ने विरोध जताया। प्रदेश सचिव रचित मिश्रा के नेतृत्व में छात्र प्राचार्य से मिले और पांच सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपा। छात्रों ने कहा कि कॉलेज परिसर में बाहरी लोगों की आवाजाही बढ़ गई है। ड्रेस कोड और पहचान पत्र की अनिवार्यता ठीक से लागू नहीं होने से असामाजिक तत्व आसानी से कैंपस में पहुंच रहे हैं, जिससे छात्र असुरक्षित महसूस करते हैं। उन्होंने गेट पर सख्त जांच और आगंतुकों का नाम-पता रजिस्टर में दर्ज करने की मांग की। शैक्षणिक मुद्दों पर छात्रों ने 5वें सेमेस्टर एटीकेटी के परिणाम जारी न होने पर नाराजगी जताई। उनका कहना है कि परिणाम में देरी से शैक्षणिक सत्र प्रभावित हो रहा है और वे पीजी में प्रवेश नहीं ले पा रहे हैं। छात्रों ने तीन दिन के भीतर परिणाम जारी करने की मांग रखी। इसके अलावा कॉलेज पोर्टल पर फॉर्म भरने के नाम पर लिए जा रहे अतिरिक्त 5 रुपये शुल्क को अनुचित बताया गया। छात्रों ने कहा कि आईडी कार्ड शुल्क जमा करने के बाद भी कार्ड वितरित नहीं किए जा रहे, जो प्रशासनिक लापरवाही है। छात्रों ने चेतावनी दी कि मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन और तालाबंदी की जाएगी। ज्ञापन सौंपने के दौरान विकास, विवेक, सक्षम, अभिजीत, प्रिंस, विनय, अभय, सोनू और भोलू सहित अन्य छात्र मौजूद थे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *