आगर मालवा जिले के सुसनेर में बिजली कंपनी के एक आउटसोर्स कर्मचारी की मौत के बाद परिवार और स्थानीय लोगों में आक्रोश है। मोड़ी चौराहे पर बिजली के पोल पर काम करते समय लखन बैरागी को करंट लग गया था। बुधवार को मृतक के परिजनों ने पुलिस अधिकारी और एसडीएम कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। इसके बाद परिजन और स्थानीय नागरिक परसुलिया रोड स्थित बिजली वितरण कंपनी के कार्यालय पहुंचे। उन्होंने कार्यालय का घेराव कर विरोध प्रदर्शन किया। मृतक के पिता कैलाश बैरागी और मां का कहना है कि बिजली विभाग की लापरवाही से उनके बेटे की जान गई। बिजली कंपनी के अधिकारियों और प्रशासन ने मामले की गंभीरता से जांच का आश्वासन दिया है। प्रशासन ने परिजनों को न्याय दिलाने के लिए कार्रवाई का भरोसा दिया है।


