छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत नियामक आयोग बिजली की नई दरों के निर्धारण को लेकर 18 फरवरी को जगदलपुर में जनसुनवाई करेगा। इसमें उपभोक्ता, सामाजिक संगठन और राजनीतिक दल बिजली कंपनियों की याचिकाओं पर आपत्ति और सुझाव दर्ज करा सकेंगे। जनसुनवाई दोपहर 12 बजे से 1:30 बजे तक छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड के क्षेत्रीय कार्यालय के सभा कक्ष में होगी। जगदलपुर और आसपास के क्षेत्रों के बिजली उपभोक्ता इसमें भाग ले सकेंगे। सुनवाई के दौरान बिजली कंपनियों की ओर से वित्तीय वर्ष 2024-25 के टू-अप, वर्ष 2026-27 से 2029-30 तक की वार्षिक राजस्व आवश्यकता (ARR) और टैरिफ निर्धारण से जुड़ी याचिकाओं पर चर्चा होगी। इसके अलावा जुलाई 2025 में जारी टैरिफ आदेश के पुनरीक्षण का मुद्दा भी शामिल रहेगा। आयोग ने इस बार क्षेत्रीय स्तर पर ऑनलाइन व्यवस्था की है। जगदलपुर के प्रतिभागी स्थानीय कार्यालय में उपस्थित रहकर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए रायपुर स्थित आयोग कार्यालय से सीधे जुड़ सकेंगे और अपनी बात रख पाएंगे।


