लुधियाना| सिविल लाइन इलाके में मंगलवार सुबह बिजली के खंभे से बीएमडब्ल्यू कार की ज़ोरदार टक्कर हो गई। जिसमें कार पूरी तरह से जलकर राख हो गई। साथ ही बिजली के खंभे के टूट जाने से इलाके में कई घंटे बिजली बंद रही। हादसा उपकार नगर गली नंबर-9 में पाहवा धर्मशाला के समीप हुआ। टक्कर इतनी जोरदार थी कि खंभे पर लगा भारी ट्रांसफार्मर सीधे कार पर आ गिरा। शॉर्ट सर्किट होते ही धमाके के साथ कार में आग लग गई। कुछ ही पलों में पूरी कार आग की लपटों में घिर गई। गनीमत रही कि कार सवार दो युवकों को लोगों की मदद से बहार निकाल लिया गया। धमाके की आवाज पर सभी घर से निकले प्रत्यक्षदर्शी डॉक्टर चुग और नरेश कुमार ने बताया, उस समय घर में सो रहे थे। धमाके की आवाज सुनकर बाहर निकले तो ट्रांसफार्मर टूट कर कार पर गिरा हुआ था।2 मिनट में ही कार में आग लग गई। जोरदार टक्कर से फ्यूल टेंक लीक था। शॉर्टसर्किट से तुरंत आग लग गई। सिक्योरिटी गार्ड की मदद से सभी लोगों ने शीशा तोड़कर फंसे लड़कों को बाहर निकाला। दोनों युवक सही से बोल भी नहीं पा रहे थे। जब तक फायर ब्रिगेड पहुंची, कार काफी जल चुकी थी। दोनों युवकों को निजी अस्पताल में भेजा गया। थाना डिवीजन-8 की पुलिस के मुताबिक उनके पास कोई शिकायत नहीं आई है। दोनों कुंदनपुरी इलाके के थे व झंडू चौक की ओर से घर जा रहे थे।


