भास्कर न्यूज |लुधियाना काकोवाल रोड पर रविवार देर रात करीब 12 बजे तेज रफ्तार कार बेकाबू होकर बिजली के खंभे से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि एक के बाद एक तीन बिजली के खंभे क्षतिग्रस्त हो गए। खंभा गिरने से कार पूरी तरह चकनाचूर हो गई। हादसे के समय कार की रफ्तार काफी अधिक बताई जा रही है। टक्कर के बाद कार के एयरबैग भी खुल गए। गनीमत रही कि कार में सवार चारों युवक बाल-बाल बच गए। उन्हें मामूली चोटें आईं, लेकिन सभी सुरक्षित हैं। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। एलटी लाइन और बिजली की केबल सड़क के बीच लटक गईं, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। करंट के खतरे को देखते हुए रात 2 बजे से दोपहर 2 बजे तक बिजली सप्लाई बंद करनी पड़ी। इसके चलते 12 घंटों तक पूरे इलाके बिजली सप्लाई बंद रही । प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कार तेज रफ्तार में आ रही थी। चालक ने नियंत्रण खो दिया और कार सीधे खंभे से जा टकराई। टक्कर की ताकत इतनी थी कि तीनों खंभे टूट गए। थाना जोधेवाल के ड्यूटी अफसर जसपाल सिंह ने बताया कि हादसे के समय कार में चार युवक सवार थे। सभी सुरक्षित हैं, लेकिन घटना के बाद वे मौके से चले गए थे। उन्होंने बिजली विभाग की संपत्ति को नुकसान पहुंचाया था, जिसका जुर्माना भर दिया गया है। फिलहाल पुलिस को इस संबंध में कोई शिकायत नहीं मिली है। यह इलाका पंजाब स्टेट पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड की सुंदर नगर डिवीजन के अंतर्गत आता है। सूचना मिलते ही बिजली विभाग की टीम मौके पर पहुंची। पहले सप्लाई बंद कर लटकती तारों को सुरक्षित किया गया, ताकि किसी को करंट न लगे। इसके बाद टूटे खंभों को हटाने और नए खंभे लगाने का काम शुरू किया गया।सुंदर नगर डिवीजन के एक्सईएन जगमोहन सिंह झंडू ने बताया कि तीनों क्षतिग्रस्त खंभों को बदला जा रहा है।


