बिजली घर चौराहे के पास महिला का शव मिला:पुलिस कर रही जांच,अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया शव

अलवर शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र में बिजली घर चौराहे के पास नेपाल टिंबर के नजदीक एक अज्ञात महिला का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव दिखने पर आसपास के लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस और प्रशिक्षु आईपीएस अधिकारी कार्तिकेय वर्मा मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की और शव को जिला अस्पताल भिजवाया, जहां पहचान के लिए उसे पोस्टमार्टम हाउस की मोर्चरी में रखवाया गया है। आईपीएस कार्तिकेय वर्मा ने बताया कि पीसीआर अलवर से शाम करीब चार बजे सूचना मिली थी कि नेपाल टिंबर के पास एक महिला का शव पड़ा हुआ है। मौके पर पहुंचकर शव को जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। फिलहाल पूरे मामले की जांच की जा रही है। पुलिस के अनुसार मृत महिला की उम्र करीब 40 वर्ष बताई जा रही है। महिला ने लाल रंग का सूट-सलवार पहन रखा था। प्रारंभिक तौर पर महिला की पहचान हो चुकी है, लेकिन अभी तक परिजन मौके पर नहीं पहुंचे हैं। पुलिस ने बताया कि महिला के परिजन कोटपुतली क्षेत्र के बताए जा रहे हैं। परिजनों के आने के बाद ही महिला की पहचान और मौत के कारणों को लेकर पूरी जानकारी सामने आ सकेगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *