भास्कर न्यूज | लुधियाना रहमतों और बरकतों के पवित्र महीने रमजान के आगाज के साथ ही मुस्लिम समुदाय में भारी उत्साह देखा जा रहा है। मंगलवार को जामा मस्जिद के अध्यक्ष मुहम्मद मुस्तकीम ने नगर निगम कमिश्नर नीरू कत्याल और पुलिस कमिश्नर स्वपन शर्मा से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। कमिश्नर नीरू कत्याल को सौंपे ज्ञापन में मांग की गई कि सेहरी के समय रोजेदारों की सुविधा के लिए शहर के सभी ट्यूबवेल सुबह 4 बजे से ही चलाए जाएं। साथ ही मस्जिदों के इर्द-गिर्द विशेष सफाई अभियान चलाने की अपील की गई। इस पर कमिश्नर ने भरोसा देते हुए ट्यूबवेल ऑपरेटरों को समय पर पानी की सप्लाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। इधर, शाही इमाम पंजाब, मौलाना मुहम्मद उस्मान रहमानी लुधियानवी ने मुख्यमंत्री भगवंत मान को पत्र लिखकर अपील की है कि रमजान के दौरान सुबह सेहरी और शाम को इफ्तारी के वक्त बिजली के कट न लगाए जाएं। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस कमिश्नर स्वपन शर्मा ने आश्वस्त किया है कि रमजान के दौरान शहर में पीसीआर गश्त बढ़ाई जाएगी। सुबह तड़के मस्जिदों में नमाज के लिए जाने वाले लोगों की सुरक्षा के लिए सभी संबंधित अधिकारियों को लिखित निर्देश जारी कर दिए गए हैं।


