अमृतसर कमिश्नरेट के शिवाला पुलिस चौकी ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने बिजली विभाग के ठेका कर्मचारियों को ट्रांसफार्मर चोरी करते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया। आरोपियों के पास से चोरी किए गए ट्रांसफार्मर के साथ-साथ ट्रांसफार्मर लगाने के लिए इस्तेमाल होने वाली हाइड्रा मशीन भी बरामद की गई है। चौकी इंचार्ज कपिल शर्मा ने बताया कि उन्हें शिकायत मिली थी कि बिजली विभाग के तीन ठेका कर्मचारी हाइड्रा मशीन का उपयोग करके ट्रांसफार्मर चोरी कर रहे हैं। शिकायत पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है। कई केबल और ट्रांसफार्मर भी मिले पुलिस ने बताया कि आरोपियों से चोरी की कई केबल और ट्रांसफार्मर भी बरामद किए गए हैं। चौकी इंचार्ज ने कहा आरोपी लंबे समय से इस तरह की चोरी की घटनाओं में संलिप्त थे। घटना के संबंध में संबंधित थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। जनता से संदिग्ध गतिविधि की सूचना देने की अपील कपिल शर्मा ने कहा कि पुलिस लगातार ऐसे मामलों पर नजर रखे हुए है और किसी भी अवैध गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने जनता से भी अपील की कि वे किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।


