अलवर जिले के टहला थाना क्षेत्र में अवैध खनन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुलिस ने लगभग 4 टन मार्बल खण्डा से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त की। टहला पुलिस थाने को सूचना मिली थी कि बलदेवगढ़ गांव से मार्बल खण्डा का अवैध परिवहन किया जा रहा है। इस सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को रोका और उसे थाना परिसर में खड़ा कर दिया। मामला 27 फरवरी 2026 का है। खनिज विभाग अलवर के कर्मचारी पदम सिंह मौके पर पहुंचे। थाना परिसर में बिना नंबर की फार्मट्रेक 45 ट्रैक्टर-ट्रॉली खड़ी मिली। इसमें करीब 4 टन मार्बल भरा हुआ था। ड्राइवर मुखराम उर्फ मुखराज (28) को गिरफ्तार किया। जो रेहड़िया, पुलिस स्टेशन कोलवा, जिला दौसा का रहने वाला है। पूछताछ के दौरान ड्राइवर वैलिड ई-रवन्ना या ट्रांजिट पास नहीं दिखा पाया। इसके अलावा बलदेवगढ़ में अभी कोई माइनिंग परमिट जारी नहीं किया जाता है। खनिज विभाग ने इसे अवैध खनन और परिवहन मानते हुए ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त कर लिया। ड्राइवर के खिलाफ एमएमडीआर एक्ट 1957 की धारा 4 व 21 तथा आरएमएमसीआर 2017 के नियम 54 व 60 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने प्रकरण पंजीबद्ध कर जांच शुरू कर दी है।


