दिन का तापमान बढ़ने लगा तो सरिस्का के जंगल में बाघिन एसटी 19 का एक शावक वाटर प्वाइंट पर पानी में डुबकी लेने पहुंच गया। अलवर के बफर जोन के जंगल बारा लिवारी के लीलुंडा में शावक के पानी में जाकर बैठने का वीडियो भी सामने आया है। इससे पहले भी यहां बाघिन कई बार अपने शावकों के साथ नजर आई है। सरिस्का के बफर जोन को आबाद करने वाली टाइग्रेस एसटी 19 है। जिसे बफर जोन का जंगल बखूबी रास आया है। वन्यजीव प्रेमी देवेंद्र तातेड़ ने बताया कि उनके साथ लखनऊ से आए डॉ नावेद, डॉ. जहरान, नेचर गाइड आकाश पारीक और ड्राइवर राजू थे। सब शनिवार को सफारी पर गए थे। तब शाम के समय पत्थर की चट्टानों के बीच पानी में बैठे शावक की साइटिंग हुई। सरिस्का में बाघों के फलते-फूलते कुनबे और वन्यजीवों की सक्रियता को खूब दिखती है। अलवर बफर जोन में कुल 11 बाघ है। इनमें एसटी-19 के चार शावक शामिल हैं। इसके अलावा अंधेरी के जंगल में बाघिन 2302 और उसके दो शावक भी मौजूद हैं। अभी कुछ दिन पहले ही बाघिन एसटी 2302 अपने दोनों शावकों के साथ जंगल में बैठे हुए दिखाई दी।


