खंडवा जिले के खालवा थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात हुए सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई। खार और राजपुरा गांव के बीच बिना लाइट वाले तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने बाइक सवार को टक्कर मार दी। हादसे में राजपुरा निवासी रामानंद (35) पिता ज्ञानसिंह की मौके पर ही जान चली गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए खालवा अस्पताल भिजवाया है। पुलिस के मुताबिक, रामानंद बाइक से खार से अपने गांव राजपुरा लौट रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रहे एक ट्रैक्टर ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। बताया जा रहा है कि ट्रैक्टर में लाइट नहीं थी और चालक उसे तेज रफ्तार में चला रहा था। सिर में गंभीर चोट लगने से मौत टक्कर इतनी भीषण थी कि रामानंद बाइक समेत सड़क पर गिर पड़े। उनके सिर में गंभीर चोट आई, जिससे घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया। ग्रामीणों की सूचना पर खालवा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। ट्रैक्टर पर नंबर नहीं, ड्राइवर की तलाश पुलिस ने ट्रैक्टर को जब्त कर लिया है, जिस पर नंबर भी अंकित नहीं था। फरार चालक की तलाश की जा रही है। शव का पोस्टमार्टम आज मंगलवार सुबह होगा। पुलिस मामले की जांच कर रही है।


