दोपहिया वाहन सवारों के हेलमेट लगाना अनिवार्य करने के बाद पुलिस लगातार जागरूकता अभियान चला रही है। इस दौरान बिना हेलमेट लगाए मिलने वाले वाहन सवारों को हाथों-हाथ हेलमेट खरीदवा कर आगे से पहन कर वाहन चलाने की नसीहत दी। साथ ही कुछ वाहन सवारों के चालान काटे गए। अभियान के तहत एएसपी गुमाना राम ने पुरानी कलेक्ट्रेट चौराहे पर आमजन से समझाइश कर बाइक चलाते समय हेलमेट लगाने की अपील की। साथ ही बिना हेलमेट लगाए मिलने वाले वाहन सवारों को हाथों-हाथ हेलमेट खरीदवा कर आगे से पहन कर वाहन चलाने की नसीहत दी। साथ ही कुछ वाहन सवारों के चालान काटने की भी कार्रवाई की गई। गौरतलब है कि 1 जनवरी से जिले में दो पहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनना और चार पहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट लगाना अनिवार्य किया गया है। इसके लिए पुलिस द्वारा सख्ती भी दिख रही है। जिले में जगह-जगह चैक पॉइंट बनाकर वाहनों की जांच की जा रही है। अनिवार्य करने से पूर्व दिसंबर महीने में पुलिस द्वारा जन जागरूकता अभियान चलाया गया था। एक जनवरी से पुलिस द्वारा चलाए जा रहे अभियान के दौरान अधिकतर बाइक चालक हेलमेट पहने नजर आते हैं। हालांकि अभी भी कुछ लोग लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते नजर आते हैं। ऐसे लोगों को यातायात नियमों की पालना और हेलमेट लगाकर बाइक चलाने के प्रति पुलिस द्वारा आमजन को जागरूक किया जा रहा है। जागरूकता अभियान के तहत पंपलेट वितरण, जन जागरूकता कार्यक्रम और समझाइश का भी दौर जारी है।


