भास्कर न्यूज| टिटिलागढ़ टिटिलागढ़ उपखंड के सैंतला पुलिस स्टेशन अंतर्गत बड़ामाल फांडी के फफसी चौक पर स्थित एक लाइसेंसी बीयर बार में बीती रात जमकर तांडव हुआ। नशे में धुत दो असामाजिक तत्वों ने न केवल बार कर्मचारियों के साथ मारपीट की, बल्कि बीच-बचाव करने आए शराब बनाने वाली कंपनी के मैनेजर संजय प्रसाद पर ईंट-पत्थर और कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल मैनेजर फिलहाल अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहे हैं। जानकारी के अनुसार, फफसी चौक पर अवैध रूप से शराब बेचने वाले दो भाइयों का इलाके में वर्चस्व है। गुरुवार रात राजेश साहू और गदर बेहरा नामक दो व्यक्ति लाइसेंसी बीयर बार में शराब खरीदने पहुंचे थे। आरोप है कि शराब खरीदने के बाद लौटते समय उन्होंने नशे की हालत में बार के बाहर हंगामा शुरू कर दिया और कर्मचारियों से गाली गलौज की। विवाद तब बढ़ गया जब हमलावरों ने बार बंद करने की धमकी दी और अवैध शराब विक्रेताओं को माल सप्लाई करने का दबाव बनाया। देखते ही देखते हमलावर टंगिया (कुल्हाड़ी), डंडे और ईंट-पत्थर लेकर बार के भीतर घुस गए। जब हमलावर बार कर्मचारियों पर हमला कर रहे थे, तो पास में मौजूद शराब कंपनी के मैनेजर संजय प्रसाद ने उन्हें शांत करने और समझाने की कोशिश की। इसी दौरान हमलावरों ने उन पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। सिर पर गहरी चोट लगने के कारण संजय प्रसाद मौके पर ही लहूलुहान होकर बेहोश हो गए। घायल मैनेजर को तुरंत टिटिलागढ़ सरकारी अस्पताल ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर उन्हें बलांगीर के भीम भोई मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, लेकिन स्वास्थ्य में सुधार न होने के कारण उन्हें बरगढ़ के एक निजी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। उनकी स्थिति अभी भी गंभीर है। दहशत का माहौल इस हिंसक घटना के बाद से स्थानीय बीयर बार और शराब भट्टी के कर्मचारियों में भारी दहशत है। स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में अवैध शराब की बिक्री और असामाजिक तत्वों के बढ़ते हौसलों पर अंकुश लगाने की मांग की है।


