बिलासपुर-एयरपोर्ट पर पहली बार नाइट-लैंडिंग का ट्रायल सफल:खराब-मौसम, रात में भी उड़ान संभव, हैदराबाद-कोलकाता-इंदौर और प्रयागराज-वाराणसी रूट को भी जोड़ने की प्लानिंग

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में बिलासा देवी केंवट एयरपोर्ट पर पहली बार नाइट लैंडिंग सफल ट्रायल हुआ। शुक्रवार की देर शाम अफसरों ने स्टेट प्लेन से ट्रायल किया। इस ऐतिहासिक ट्रायल के बाद बिलासपुर को हवाई सेवाओं से पूरी तरह जुड़ गया है। अब बिलासपुर एयरपोर्ट पर खराब मौसम, बारिश के साथ ही रात में भी फ्लाइट उड़ान भर सकेंगे। इसके साथ ही बिलासपुर से हैदराबाद, कोलकाता और इंदौर से फ्लाइट शुरु होने की संभावनाएं जुड़ गई है। दरअसल, बिलासपुर एयरपोर्ट को अभी हाल ही में 3सी-आईएफआर लाइसेंस जारी किया गया है। जिसके बाद शुक्रवार को पहली बार रात्रिकालीन उड़ान (नाइट लैंडिंग) का सफल ट्रायल किया गया। स्टेट प्लेन द्वारा किए गए इस ऐतिहासिक ट्रायल ने बिलासपुर को हवाई सेवाओं के नए युग में प्रवेश दिला दिया है। नाइट लैंडिंग परीक्षण पूरी तरह सफल रहा। ट्रायल के दौरान रनवे लाइटिंग सिस्टम, एप्रोच लाइट्स, एयर ट्रैफिक समन्वय एवं सभी तकनीकी मानक संतोषजनक पाए गए। हवाई सुविधा के विस्तार के लिए बड़ी उपलब्धि
इस अवसर पर एयरपोर्ट डायरेक्टर एन. बिरेन सिंह, क्षेत्रीय निदेशक नागर विमानन सुरक्षा ब्यूरो, रायपुर सहित एयरपोर्ट के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने इसे बिलासपुर के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि बताते हुए कहा कि नाइट लैंडिंग सुविधा शुरू होने से यात्रियों को अधिक उड़ान विकल्प मिलेंगे और क्षेत्र के औद्योगिक,व्यावसायिक एवं पर्यटन विकास को नई गति मिलेगी। एयरपोर्ट प्रशासन ने बताया कि आवश्यक औपचारिकताओं एवं अंतिम स्वीकृतियों के बाद नियमित नाइट फ्लाइट संचालन प्रारंभ किया जाएगा। यह सफल ट्रायल बिलासपुर शहर के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित होगा। समर शेड्यूल में नई फ्लाइट मिलने की उम्मीद
माना जा रहा है कि, लाइसेंस मिलने के बाद अब गर्मी के समर शेड्यूल में जहां उड़ानों का समय बदलेगा, वहीं पहली बार नाइट लैंडिंग सुविधा शुरू होने से देर शाम और रात की फ्लाइट्स शुरू हो जाएंगी। नाइट लैंडिंग सिस्टम चालू होने के बाद यात्रियों को सुबह और दोपहर ही नहीं, बल्कि शाम और रात में भी हवाई सफर की सुविधा मिल सकेगी। इसके साथ ही नई फ्लाइट मिलने की उम्मीदें भी बढ़ गई है। खराब मौसम और रात में हवाई सफर की मिलेगी सुविधा 3सी-आईएफआर लाइसेंस जारी होने और नाइट लैंडिंग शुरू होने के बाद एयरपोर्ट पर अब बारिश या खराब मौसम के दौरान लैंडिंग में होने वाली बाधाएं पूरी तरह समाप्त हो गई हैं। इसके साथ ही एयरपोर्ट पर अब सुविधाओं का विस्तार होगा। इस सुविधा के लिए 2022 से ही प्रयास शुरू कर दिए गए थे, लेकिन डीजीसीए के 2024 में डीवीओआर की स्थापना की अनिवार्यता और कमीशनिंग की प्रक्रियाओं के कारण समय लग रहा था। माना जा रहा है कि निजी विमानन कंपनियां भी बिलासपुर से देश के अन्य प्रमुख शहरों के लिए अपनी सेवाएं शुरू करने की तैयारी कर रही हैं। जिसमें इंडिगो की तरफ से बिलासपुर को हैदराबाद, कोलकाता और इंदौर से जोड़ने की चर्चा हैं। वहीं, स्पाइसजेट भी प्रयागराज और वाराणसी रूट के लिए अपने 78-सीटर विमानों की प्लानिंग कर रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *