बिलासपुर नगर निगम ने आगामी गर्मी में संभावित पेयजल संकट से निपटने की तैयारी शुरू कर दी है। निगम प्रशासन ने विकास भवन मुख्यालय में एक कंट्रोल रूम स्थापित किया है। यह कंट्रोल रूम पेयजल संबंधी शिकायतों और समस्याओं के निराकरण के लिए बनाया गया है। निगम प्रशासन के अनुसार, यह पहली बार है जब पेयजल संकट से निपटने के लिए इस तरह का कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। निगम कमिश्नर प्रकाश कुमार सर्वे के निर्देश पर विकास भवन के प्रथम तल पर कंट्रोल रूम (दूरभाष नं. 07752-471224) बनाया गया है। कार्यपालन अभियंता अनुपम तिवारी को इसका नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। जल संबंधी समस्याओं के लिए उनसे उनके मोबाइल नंबर 9993596615 पर संपर्क किया जा सकता है। सुबह 10 से 5:30 बजे तक होगा शिकायत दर्ज कंट्रोल रूम में शिकायतों को दर्ज करने और उनके निराकरण के लिए कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। सहायक ग्रेड-03 रियाज हुसैन (मो. 7000200800) सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक तैनात रहेंगे। इसके बाद दोपहर 2 बजे से शाम 5:30 बजे तक स्वच्छता पर्यवेक्षक प्रेमनारायण जायसवाल (मो. 7470357576) अपनी सेवाएं देंगे। पेयजल आपूर्ति के लिए महत्वपूर्ण नगर निगम के जल टैंकरों की स्थिति भी सामने आई है। नल जल विभाग के प्रभारी अनुपम तिवारी ने बताया कि नगर निगम और जोन कार्यालयों को मिलाकर कुल 51 टैंकर हैं। इनमें से 26 टैंकर खराब हो चुके हैं, जिनकी मरम्मत सामान्य मद से कराई जा रही है। जोन स्तर पर भी कन्ट्रोल रूम नगर निगम सीमांतर्गत जोन क्रमांक 1 से 8 में भी कन्ट्रोल रूम बनाया गया है। इसमें अधिकारियों / कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है जिनके नंबर पर फोन करके जोन एरिया में पेयजल संबंधी समस्या से अवगत कराया जा सकेगा।


