बिलासपुर में बेखौफ युवक आधी रात एक प्रॉपर्टी डीलर के घर में घुस गया। उसने कमरों की तलाशी ली, जिसके बाद आलमारी से 50 हजार रुपए पार कर दिया। जिस समय चोरी की वारदात हुई उस समय परिवार के सदस्य कमरे में सो रहे थे। इसके बाद भी उन्हें चोर के आने की भनक तक नहीं लगी। पूरी वारदात घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। सीसीटीवी वीडियो में मुंह में नकाब लगाए युवक गेट फांद कर अंदर जाते दिख रहा है। घटना सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र की है। पुलिस इस मामले में अपराध दर्ज कर जांच कर रही है। पहले देखिए 3 तस्वीरें जानिए पूरा मामला दयालबंद नारियल कोठी निवासी मनजीत सलूजा उर्फ निक्कू प्रॉपर्टी डीलर हैं। 10 फरवरी की रात करीब 10 बजे वो परिवार के साथ खाना खाकर सो गए थे। इसी दौरान युवक उनके घर में घुसा था। उसने कमरे में रखी अलमारी खोलकर उसमें रखे 50 हजार रुपए कैश चोरी कर लिए। भतीजी की खुली नींद, चोर को देखकर चाचा को लगाया फोन मनजीत सलूजा ने बताया कि रात करीब 12.15 बजे उनकी भतीजी की अचानक नींद खुल गई, तब उसे घर के अंदर कोई युवक नजर आया। इस पर भतीजी ने उसके मोबाइल पर कॉल किया। इसके बाद वे अपने भाई और भतीजों के साथ ऊपर के कमरे में पहुंचे, लेकिन तब तक चोर फरार हो चुका था। इस घटना की जानकारी तत्काल परिवार के सदस्यों को दी गई। सीसीटीवी वीडियो में दिखा चोर मनजीत ने बाद में घर में लगे सीसीटीवी कैमरे की जांच की, तब देर रात चेहरे पर नकाब लगाए युवक गेट से कूदकर घर के अंदर आते दिखा। पहले वो छत की तरफ जाने का रास्ता देखने सीढ़ियों की ओर जाते दिखा, जिसके बाद कमरों में घुसते नजर आया। उन्होंने चोरी की शिकायत पुलिस से की है, जिस पर पुलिस ने केस दर्ज कर सीसीटीवी वीडियो के जरिए चोरी करने वाले युवक की पहचान कर और उसकी तलाश में जुट गई है।


