बिलासपुर में फर्जी डिग्री बनाकर फार्मा कंपनी में बना मैनेजर:तलाक होने पर पत्नी ने खोला राज, पुलिस से महिला बोली-मेरी मार्कशीट को किया स्कैन

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में फर्जी मार्कशीट के जरिए फार्मा कंपनी में नौकरी करने का मामला सामने आया है। दरअसल, युवक अपनी पत्नी की फार्मेसी की मार्कशीट को स्कैन कर अपने नाम से बना लिया। जिसके बाद वो कंपनी में एरिया मैनेजर बन गया। पति-पत्नी के बीच तलाक हुआ और युवक ने दूसरी शादी कर ली। तब पत्नी ने उसके फर्जीवाड़ा का राज खोल दिया। मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र का है। दरअसल, सरकंडा के राजकिशोर नगर निवासी महिला शालिनी कलशा ने बी फार्मा किया है। उसकी शादी संकल्प तिवारी से हुई थी। शादी के कुछ साल बाद ही उनके बीच विवाद शुरू हो गया। जिसके बाद पति संकल्प तिवारी ने उसे तलाक दे दिया। इस बीच संकल्प तिवारी ने दूसरी शादी भी रचा ली है। वो एस्ट्रा जेनेका फार्मा कंपनी में नौकरी भी कर रहा है। पति के पास नहीं थी डिग्री, इसलिए हुआ शक महिला ने सिविल लाइन थाने में अपने पति के खिलाफ शिकायत की है, जिसमें उसने बताया कि उसके पति के पास फार्मेसी की डिग्री नहीं है। इसके बाद भी वो फार्मा कंपनी में जॉब कर रहा है। महिला ने जानकारी जुटाई तब पता चला कि, संकल्प ने उसकी डिग्री को स्कैन कर अपने नाम पर बना लिया है। जिसके सहारे वो फार्मा कंपनी में एरिया मैनेजर बन गया है। महिला की शिकायत सुनकर पुलिस भी हैरान रह गई। महिला से पूछताछ व उसकी डिग्री देखने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। महिला का आरोप- कई कंपनियों में कर चुका है काम महिला शालिनी कलशा ने पुलिस को बताया कि, संकल्प बिना बताए मार्कशीट स्कैन कर आधा दर्जन कंपनियों में नौकरी कर चुका है। वर्तमान में वह एस्ट्रा जेनेका नामक फार्मा कंपनी में कार्यरत है। इससे पहले जीएसके प्राइवेट लिमिटेड, कैडिला फार्मा, सीरिया, वेनवटी, एमएसडी जैसी कंपनियों में एरिया मैनेजर समेत अन्य पदों पर नौकरी कर चुका है। युवक बोला- सहमति से मार्कशीट किया स्कैन इस मामले में पुलिस ने जब पति संकल्प तिवारी को थाने बुलाकर पूछताछ की, तब उसने पत्नी की सहमति से उसकी मार्कशीट को स्कैन कर अपने नाम करने और फार्मा कंपनी में जॉब करने की बात कही। दोनों का बयान दर्ज करने के बाद पुलिस मामले की जांच कर रही है। टीआई ने कहा- कंपनी से ली जाएगी जानकारी इधर, सिविल लाइन टीआई एसआर साहू ने कहा कि, महिला और उसके पति का बयान दर्ज किया गया है। जिसमें फर्जी मार्कशीट बनाने का मामला सामने आया है। इस मामले में संबंधित फार्मा कंपनी से संकल्प के दस्तावेज की मांग की जाएगी। जांच में धोखाधड़ी सामने आने पर विधिवत कार्रवाई की जाएगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *