छत्तीसगढ़ के दूसरे बड़े शहर बिलासपुर में आने वाले समय में ट्रैफिक जाम की समस्या से मुक्ति मिल जाएगी। केंद्र सरकार ने रिंग रोड परियोजना को हरी झंडी दे दी है। केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू की पहल पर केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने इसके लिए सैद्धांतिक सहमति दे दी है। वहीं, डिप्टी सीएम और लोक निर्माण विभाग के मंत्री अरुण साव के अनुमोदन पर पेंड्री चौक से लेकर नेहरू चौक और नेहरू चौक से उसलापुर पुल तक सड़क निर्माण के लिए राज्य शासन ने स्वीकृति दे दी है। दरअसल, बिलासपुर में हाईकोर्ट, रेलवे जोनल मुख्यालय के साथ ही एसईसीएल और एनटीपीसी जैसे औद्योगिक संस्थान हैं। शहर में ट्रैफिक का दबाव लगातार बढ़ रहा है। जिसके चलते आए दिन सड़क जाम की समस्या बनी रहती है। इस अव्यवस्था को दूर करने के लिए शहर में अतिरिक्त सड़क निर्माण की जरूरत है। केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री ने दी सैद्धांतिक सहमति केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने पिछले दिनों जिला प्रशासन से शहर में ट्रैफिक समस्या को दूर करने के लिए प्रस्ताव तैयार करने के लिए कहा था। जिस पर कलेक्टर संजय अग्रवाल ने शहर में रिंग रोड परियोजना पर काम करने का प्रस्ताव तैयार किया। जिसमें एयरपोर्ट के साथ ही औद्योगिक क्षेत्र, सभी दिशाओं के नेशनल हाईवे को जोड़ते हुए रिंग रोड बनाने का प्रस्ताव तैयार किया। इस प्रस्ताव को लेकर मंत्री तोखन साहू ने केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने 32 किलोमीटर लंबी ‘बिलासपुर रिंग रोड’ परियोजना शुरू करने की मांग की। उनकी इस मांग पर केंद्रीय मंत्री गडकरी ने अपनी सैद्धांतिक स्वीकृति प्रदान कर दी है। कलेक्टर बोले- DPR बनाकर किया जाएगा सर्वे कलेक्टर संजय अग्रवाल ने बताया कि, रिंग रोड परियोजना करीब 32 किलोमीटर लंबी होगी, जिसमें बोदरी (छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय के समीप) से प्रारंभ होकर सेंदरी (रतनपुर रोड) (NH-130) तक निर्मित होगी। यह मार्ग उच्च न्यायालय और बिलासपुर हवाई अड्डे को कोरबा, कटघोरा और सीपत जैसे प्रमुख औद्योगिक नगरों से सीधा जुड़ेगा। इससे शहर के बीच से गुजरने वाले NH-49 और NH-130 के भारी वाहनों को अब शहर के बाहर से ही सुगम ‘बायपास’ मिलेगा। इससे बिलासपुर के मुख्य बाजारों और रिहायशी क्षेत्रों में भारी वाहनों के दबाव से नागरिकों को स्थाई राहत मिलेगी। इसी तरह यह रिंग रोड सिरगिट्टी और लालखदान जैसे प्रमुख औद्योगिक क्षेत्रों को NH-130A (रायपुर-धनबाद एक्सेस कंट्रोल कॉरिडोर) से सीधे जोड़ेगी। इससे मालवाहन के समय और ईंधन की बचत होगी, जिससे स्थानीय व्यापार और रसद (Logistics) तंत्र सुदृढ़ होगा। परियोजना के लिए DPR तैयार कर सर्वे कराया जाएगा, जिसके बाद इसे केंद्र सरकार को भेजा जाएगा। 40.79 करोड़ में बनेगा पेण्ड्रीडीह चौक से नेहरू चौक मार्ग राज्य शासन ने बिलासपुर में पेण्ड्रीडीह चौक से नेहरू चौक मार्ग के लिए 40 करोड़ 79 लाख रुपए स्वीकृत किए हैं। इस राशि से 15.38 किलोमीटर सड़क का मजबूतीकरण किया जाएगा। उप मुख्यमंत्री और लोक निर्माण मंत्री अरुण साव के अनुमोदन के बाद राज्य शासन ने मंत्रालय से शुक्रवार को राशि स्वीकृति के संबंध में प्रमुख अभियंता को परिपत्र जारी कर दिया है। उप मुख्यमंत्री साव ने कार्य में प्रयुक्त की जाने वाली सामग्रियों और संपूर्ण कार्य की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के कड़े निर्देश दिए हैं। किसी भी स्तर पर कार्य की गुणवत्ता में कमी पाये जाने पर उत्तरदायित्व का निर्धारण करते हुए नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। लोक निर्माण विभाग ने प्रमुख अभियंता को कार्य की निविदा समय-सीमा में करने, निर्माण कार्य प्राक्कलन व कार्य संपादित करने में मितव्ययिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। विभाग ने निर्माण एजेंसी से अनुबंधित समय-सीमा में काम पूर्ण किया जाना सुनिश्चित कराने को कहा है। नेहरू चौक से उसलापुर पुल तक सड़क के लिए 4.25 करोड़ स्वीकृत वहीं, राज्य शासन ने बिलासपुर में एनएच-130ए से नेहरू चौक उसलापुर पुल तक 3.20 किलोमीटर में सड़क निर्माण के लिए 4 करोड़ 25 लाख 21 हजार रुपए मंजूर किए हैं। उप मुख्यमंत्री और लोक निर्माण मंत्री अरुण साव के अनुमोदन के बाद राज्य शासन ने मंत्रालय से राशि स्वीकृति के संबंध में प्रमुख अभियंता को परिपत्र जारी कर दिया है।


