बिलासपुर में एक किसान से 30 हजार रुपए की रिश्वत लेने वाले पटवारी को SDM ने सस्पेंड कर दिया है। पटवारी ने जमीन का रिकार्ड ऑनलाइन दर्ज करने और ऋण पुस्तिका जारी करने के लिए किसान से 60 हजार रुपए की डिमांड की थी। पहली किस्त 30 हजार रुपए देते किसान ने VIDEO बना लिया और उसे सोशल मीडिया में वायरल कर दिया। जिसके बाद पटवारी के खिलाफ एक्शन लिया गया है। पूरा मामला कोटा तहसील का है। दरअसल, रतनपुर के ग्राम पचरा निवासी केवल दास मानिकपुरी (49) पिता स्व. दुलम दास मानिकपुरी की पटवारी हल्का नंबर 2 राजस्व निरीक्षक मंडल चपोरा में पट्टे की जमीन हैं। उक्त भूमि का पट्टा उसे साल 1984-85 में दिया गया था। इस पट्टे की भूमि को पटवारी हल्का नंबर दो के पटवारी अनिकेत साव ने ऑनलाइन रिकार्ड दर्ज करने और पुस्तिका बनाने के लिए किसान से 60 हजार रुपए की रिश्वत मांगी। 30 हजार रुपए लेने के बाद भी काम नहीं किया
शिकायतकर्ता के मुताबिक 26 दिसंबर 2024 को उसने पटवारी को 30 हजार रुपए उसके घर पर दिया। लेकिन, पैसे लेने के बाद भी पटवारी ने न तो उसकी जमीन का ऑनलाइन रिकॉर्ड अपडेट किया और न ही ऋण पुस्तिका बना कर दिया। काम नहीं करने पर रिश्वत लेते VIDEO किया वायरल
पटवारी अनिकेत साव पैसे लेने के बाद भी उसे घूमाता रहा और काम नहीं किया, जिससे परेशान होकर किसान ने कोटा एसडीएम से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की। इसके साथ ही उसने पटवारी अनिकेत साव का पैसे लेते वीडियो बनाया था, जिसे सोशल मीडिया में वायरल कर दिया। ब्याज में कर्ज लेकर पटवारी को दी रिश्वत
शिकायत करने वाले केवल दास ने एसडीएम को बताया कि पटवारी ने जब उससे रिश्वत की मांग की, तब उसके पास पैसे नहीं थे, जिस पर उसने ब्याज में कर्ज लेकर पटवारी को दिया। जिसका अभी भी वो ब्याज दे रहा है। पीड़ित ने कोटा एसडीएम से पटवारी पैसे वापस दिलाने की मांग भी की है। पटवारी ने नोटिस का नहीं दिया जवाब, अब सस्पेंड
किसान की शिकायत और वीडियो वायरल होने के बाद कोटा के एसडीएम व प्रशिक्षु आईएएस तन्मय खन्ना ने पटवारी अनिकेत साव को नोटिस जारी किया। लेकर पटवारी ने नोटिस का कोई संतोषप्रद जवाब नहीं दिया। जिसके बाद एसडीएम ने उसे सस्पेंड कर दिया है। निलंबन अवधि में पटवारी का मुख्यालय तहसील कार्यालय बेलगहना रहेगा। निलंबित पटवारी को एक सप्ताह के भीतर नोटिस देकर विभागीय जांच की कार्रवाई करने की भी बात कही जा रही है।


