बिलासपुर में लेफ्ट फ्री नहीं किया तो 300 रुपए जुर्माना:बाइक सहित कार चालकों पर हाईटेक कैमरे से निगरानी; हर सिग्नल पर रहेंगे ट्रैफिक पुलिस

बिलासपुर में अब चौक-चौराहों पर लगे सिग्नल में लेफ्ट फ्री लेन में बाइक या दूसरी गाड़ी खड़ी करने पर 300 रुपए का जुर्माना देना होगा। ट्रैफिक पुलिस ने यातायात व्यवस्था बनाने के लिए इस नियम पर कड़ाई से अमल शुरू कर दिया है। नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों की निगरानी हाईटेक तरीके से होगी। मंगलवार को शहर के सभी प्रमुख चौक-चौराहों और सिग्नल पॉइंट्स पर लेफ्ट लेन में खड़े होने पर 300 रुपए जुर्माने की चेतावनी वाले नोटिस बोर्ड लगाए गए हैं। इसके अलावा इन स्थानों पर एक-एक ट्रैफिक जवान की भी तैनाती की गई है, जो इस नियम का पालन सुनिश्चित करेगा। साथ ही चौक पर तैनात ट्रैफिक पुलिस भी चालानी कार्रवाई करेगी। शिकायतों के बाद सख्त कार्रवाई के निर्देश दरअसल, शहर में ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत प्रमुख चौराहों पर सिग्नल और आधुनिक कैमरे लगाए गए हैं। रेड सिग्नल के दौरान लेफ्ट टर्न लेने वालों के लिए लेन खाली छोड़ी जाती है। लेकिन शहर में इस नियम क पालन ही नहीं किया जा रहा है। बाइक, ऑटो और कार सवार इस लेन में खड़े होकर जाम की स्थिति बना देते हैं। उनकी वजह से लेफ्ट टर्न लेने वालों को भी ग्रीन सिग्नल तक रुकना पड़ता है। साथ ही बेवजह जाम की स्थिति बनी रहती है। लगातार मिल रही शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी रजनेश सिंह के निर्देश पर यह कार्रवाई शुरू की गई है। एडिशनल एसपी रामगोपाल करियारे ने सभी ट्रैफिक पाइंट पर तैनात अधिकारियों और जवानों को इस नियम का कड़ाई से पालन कराने के निर्देश दिए हैं। आउटर सड़कों पर लगेंगे एनपीआर कैमरे शहर की आउटर सड़कों पर हादसों की निगरानी और सुरक्षा के लिए एनपीआर (नंबर प्लेट रीडर) कैमरे लगाने की योजना है। इसके लिए यातायात पुलिस ने मोपका, कोटा, रतनपुर, सीपत, रायपुर रोड, लालखदान, पेंड्रीडीह बाइपास समेत शहर से बाहर जाने वाली सभी प्रमुख सड़कों के लिए प्रस्ताव परिवहन विभाग को भेजा है। अब निगरानी और कार्रवाई दोनों करेंगे एडिशनल एसपी ट्रैफिक रामगोपाल करियारे ने कहा कि काफी समय से लेफ्ट लेन में जाम की शिकायतें मिल रही थीं। मौखिक समझाइश के बावजूद लोग नियमों का पालन नहीं कर रहे थे। अब ट्रैफिक पुलिस लेफ्ट फ्री लेन की निगरानी के साथ-साथ सख्त कार्रवाई भी करेगी, ताकि शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाया जा सके।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *