बिलासपुर में प्रतिबंध के बाद भी अवैध हुक्का बार संचालित हो रहा है। शुक्रवार को पुलिस ने शहर के रिहायशी इलाके के एक मकान में छापेमारी की, जहां हुक्का बार चल रहा था। इस दौरान पुलिस ने संचालक, मैनेजर सहित पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वहीं, मकान से बड़ी मात्रा में हुक्का पॉट, फ्लेवर, कोल हीटर सहित हुक्का पिलाने का सामान बरामद किया गया है। मामला सरकंडा थाना क्षेत्र का है। थाना सरकंडा पुलिस को सूचना मिली कि राजकिशोर नगर निवासी अथर्व पाण्डेय उर्फ चिंकू अपने घर में तंबाकू युक्त फ्लेवर मिलाकर अवैध हुक्का बार संचालित कर रहा है। वहां आने वाले युवाओं से प्रति घंटे 500 रुपए लेकर हुक्का पिलाया जा रहा है। स्कूल के पास इस तरह की गतिविधियों से स्थानीय निवासियों में भी आक्रोश भी था। घेराबंदी कर मकान में दी दबिश
जानकारी मिलने पर टीआई प्रदीप आर्या ने अपनी टीम के साथ राजकिशोर नगर के पलाश-16 स्थित मकान की घेराबंदी की। जिसके बाद छापेमारी कर तलाशी ली गई। इस दौरान पुलिस ने पाया कि विनित एलानी मैनेजर के रूप में वहां मौजूद था और ग्राहकों को हुक्का परोस रहा था। मौके पर किन्सू विश्वास, यथार्थ कश्यप और समीर पटेल हुक्का पीते हुए मिले। पुलिस ने जब संचालक अर्थव पांडेय और मैनेजर से लाइसेंस के बारे में पूछताछ की, तो वे कोई भी वैध दस्तावेज पेश नहीं कर सके। पुलिस ने मौके से 20 हजार रुपए कीमती की सामग्री और नकद जब्त की है। हुक्का पॉट व फ्लेवर जब्त, कोटपा एक्ट की कार्रवाई
पुलिस ने मौके से 2 नग हुक्का पॉट, 1 नग कोल हीटर, रसीली ब्रांड फ्लेवर, सिल्वर फॉयल और नोजल बरामद किए हैं। मैनेजर विनित के पास से 4000 रुपए कैश भी मिले हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ सिगरेट और अन्य तंबाकू उत्पाद अधिनियम 2003 कोटपा की धारा 4, 21(1), 21(2) और 27 के तहत अपराध दर्ज किया है। सरकंडा पुलिस की इस कार्रवाई से इलाके के अवैध नशे के कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।


