हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर में नौणी के पास बीती रात को दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। ट्रक और टिप्पर के बीच जोरदार टक्कर में ट्रक ड्राइवर की मौके पर ही मौत हो गई। इस हादसे में टिप्पर ड्राइवर गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल ड्राइवर को एम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है। मृतक की पहचान गगन ठाकुर (31) निवासी खारसी बिलासपुर के रूप में हुई है, जबकि घायल टिप्पर ड्राइवर विपिन कुमार पंजेल नम्होल बिलासपुर का रहने वाला है। यह हादसा शुक्रवार रात एक बजे के करीब हुआ है। सूचना के अनुसार, ट्रक बिलासपुर से कीरतपुर की ओर जा रहा था, जबकि टिप्पर दाड़लाघाट साइड जा रहा था। इस दौरान नौणी के पास दोनों में जोरदार टक्कर हो गई है। इससे दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। एम्बुलेंस से पहुंचाया अस्पताल हादसे के बाद मौके से गुजर रहे वाहन ड्राइवरों ने पुलिस को इस घटना की सूचना दी और एम्बुलेंस की मदद से घायल टिप्पर ड्राइवर को अस्पताल पहुंचाया। वहीं पुलिस ने मृतक ट्रक ड्राइवर के शव को कब्जे में ले लिया और शव का पोस्टमॉर्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा। प्रारंभिक जांच में तेज गति को हादसे का कारण माना जा रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर घटना की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।


