लुधियाना| गलाडा की ओर से साउथ सिटी रोड पर बनी 2 बिल्डिंग को शुक्रवार को नोटिस जारी किया गया है, जिन पर 19 अप्रैल 2024 को स्वीकृत बिल्डिंग प्लान से अधिक निर्माण करने और वहां व्यावसायिक गतिविधियां शुरू करने का आरोप है। वहीं बिल्डिंग की मालिक राधिका गुप्ता और रोशनी को भी नोटिस जारी किया गया है, जिन्होंने स्वीकृत नक्शे का उल्लंघन करते हुए तय ढांचे के बजाय बेसमेंट, ग्राउंड फ्लोर, फर्स्ट फ्लोर, सेकेंड फ्लोर का निर्माण कर लिया। दोनों नोटिस को जारी किए गए हैं। हालांकि स्थानीय लोगों का कहना है कि गलाडा के अधिकारी निर्माण कार्य पूरा होने के बाद नोटिस जारी कर रहे हैं। लोगों के मुताबिक अब जाकर गलाडा ने जिन इमारतों को लेकर नोटिस दिया गया है, उनका निर्माण काफी समय पहले ही पूरा हो चुका है और वहां दुकानों व स्टोर का संचालन भी शुरू हो चुका है। मामले की जानकारी देते हुए मुख्य प्रशासक संदीप कुमार ने कहा, यदि कोई व्यक्ति स्वीकृत नक्शे का उल्लंघन करता पाया गया तो उसका मंजूरशुदा बिल्डिंग प्लान रद्द कर इमारत को सील करना और अवैध निर्माण को गिराया जाएगा। गलाडा के अतिरिक्त मुख्य प्रशासक विकास हीरा ने कहा, जल्द ही धांधरा रोड ,बसंत एवन्यू के आस पास एरिया पर अवैध बन रही बिल्डिंगों पर भी बुलडोजर चलेगा।


