रांची | आजसू पार्टी के नेता अशरफ खान चुन्नू ने वक्फ संशोधन बिल लोकसभा से पारित होने के बाद गुरुवार को पत्र जारी कर अपने सभी पदों से इस्तीफा दे दिया। उन्होंने पत्र में लिखा है कि आजसू पार्टी ने लोकसभा में बिल के समर्थन में वोट किया। इसके विरोध में ही पार्टी से इस्तीफा दे रहा हूं। रांची | प्रदेश भाजपा प्रवक्ता अजय साह ने कहा कि जब 1954, 1995 और 2013 में कांग्रेस सरकारों ने वक्फ कानून बनाए, तब राज्यों की शक्तियों का क्या हुआ? जब एक खास वर्ग को खुश करने के लिए कानून बनाया जाता है तो झामुमो को कोई समस्या नहीं होती है। लेकिन, जब भाजपा देशहित में जमीन बचाने के लिए कानून लाती है तो उन्हें संविधान की याद आ जाती है। केंद्र सरकार द्वारा लाया गया वक्फ संशोधन बिल कानून राज्यों के अधिकारों को और मजबूती देता है, न कि राज्य की शक्तियों को कमजोर करता है। अजय ने कहा कि झामुमो खुद को आदिवासियों की हितैषी बताती है, लेकिन अब उस वक्फ बिल के विरोध में खड़ी है जो अनुसूचित क्षेत्र (शेड्यूल-5) के तहत आदिवासियों की जमीनों को वक्फ के नाम पर भू-माफियाओं के कब्जे से बचाने का काम करता है। राज्य सरकार को चाहिए कि वह वक्फ के नाम पर हड़पी गई आदिवासी जमीनों की जांच कराए और नए कानून के तहत कार्रवाई कर आदिवासियों को उनका अधिकार दे।


