खरगोन के बिस्टान में घर के पिछले हिस्से की बागड़ और तुअर की काठी में छिपाकर रखी गई 19 पेटी 175 लीटर देशी-विदेशी शराब बरामद की गई है। जब्त शराब की कीमत 90 हजार रुपए बताई गई है। थाना प्रभारी गुलाबसिंह रावत ने बताया कि आरोपी पन्नालाल पिता चैनसिंह डावर निवासी खेडा फाल्या ढाबला मौके से फरार हो गया। उसने अवैध रूप से शराब बेचने के लिए बड़े पैमाने पर इसका संग्रहण किया था। आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। उस पर पहले से ही 5 अन्य प्रकरण दर्ज हैं। पुलिस टीम ने सोमवार सुबह मुखबिर की सूचना पर आरोपी के मकान के आसपास तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान 19 पेटी शराब बरामद हुई, जिसमें 9 पेटी देशी प्लेन, 1 पेटी ऑफिसर चॉइस, 1 पेटी लंदन प्राइड वोदका, 1 पेटी लंदन प्राइड व्हिस्की, 3 पेटी गोवा व्हिस्की, 3 पेटी पावर स्ट्रॉन्ग बीयर और 1 पेटी रॉयल सिलेक्ट शामिल थी। कुल 175.32 लीटर अवैध देशी-विदेशी शराब जब्त की गई। दबिश के दौरान पुलिस टीम को पशुबाड़े और गोबर के ढेरों के बीच से गुजरना पड़ा। उन्हें काठी और बड़े पैमाने पर झाड़ियों को भी हटाना पड़ा। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस क्षेत्र में लगातार तलाशी कर रही है।


