पलामू पुलिस ने बिहार के एक लाख रुपए के इनामी टीएसपीसी नक्सली जीबलाल यादव को गिरफ्तार किया है। जीबलाल यादव उर्फ रमेश यादव उर्फ सुभाष यादव 53 वर्षीय है। वह बिहार के गया जिले के भदवर थाना क्षेत्र का रहने वाला है। नक्सली के खिलाफ बिहार के गया और औरंगाबाद में चार मामले और झारखंड के पलामू में एक मामला दर्ज है। वर्ष 2021 में पलामू के मनातू थानाक्षेत्र में पुलिस के साथ मुठभेड़ में उसे गोली लगी थी। पुलिस ने उसे नवाबाजार थाना क्षेत्र के तरवाडीह से गिरफ्तार किया। उसके पास से नक्सली पर्चा और लेवी वसूली से जुड़ी जानकारी वाली डायरी बरामद हुई है। टीएसपीसी कमांडर के दस्ते की गतिविधियों की सूचना मिली थी एएसपी (अभियान) राकेश कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस को टीएसपीसी के कमांडर शशिकांत के दस्ते की गतिविधियों की सूचना मिली थी। इसी सूचना पर सर्च अभियान चलाया गया। जीबलाल इलाके में ईंट भट्ठों से लेवी वसूलने के लिए पर्चा फेंक कर दहशत फैलाने आया था। उसके पास से मिले डायरी में लेवी का हिसाब-किताब और कई लोगों के नंबर मिले हैं। दस वर्षों से वह संगठन का सक्रिय सदस्य रहा है जीबलाल 2014 में टीएसपीसी में शामिल हुआ था। पिछले दस वर्षों से वह संगठन का सक्रिय सदस्य रहा है। झारखंड में वह रमेश के नाम से जाना जाता है।


