भास्कर न्यूज | लुधियाना गोलगप्पे की रेहड़ी लगाने वाले सोनू सिंह के ससुर ने ही गोली मारकर उसकी हत्या की थी। आरोपी 6 महीने से अपने दामाद की हत्या की प्लानिंग कर रहा था। उस पर किसी को शक न हो, इसलिए वह 6 महीने पहले घर से बिहार चला गया। वह बिहार से 50 हजार में पिस्टल खरीदकर लाया और फिर तय प्लानिंग के मुताबिक अपने साथी के साथ इस वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने आरोपी रामदयाल व उसके साथी दीपक को गिरफ्तार कर लिया है। उनके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल बाइक, 32 बोर की पिस्टल, मैगजीन व तीन कारतूस बरामद किए हैं। इसके अलावा पुलिस ने हत्या के इस मामले में आरोपी राम दयाल के दोनों बेटों राहुल कुमार, अनूप कुमार, राम दयाल की पत्नी अनीता राज को भी नामजद किया है। पुलिस का कहना है कि इन तीनों को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। बता दे कि मंगलवार की रात ईशर नगर में धार्मिक स्थल से वापस लौटते हुए गोलगप्पे की रेहड़ी लगाने वाले सोनू सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। गोली नजदीक से चलाई गई थी जो आरपार हो गई। सोनू के पिता ने इस मामले में उसके ससुराल वालों पर ही शक जताया था। मामले के बारे में जानकारी देते हुए एडीसीपी-2 कर्णवीर सिंह ने बताया कि मृतक सोनू के पिता राम प्रताप सिंह ने पुलिस को बताया कि उनके बेटे ने डेढ़ साल पहले आरोपी राम दयाल की बेटी से लव मैरिज की थी। रमा दयाल व उसका परिवार शादी के खिलाफ था। वह लोग उनके बेटे को लगातार धमकियां दे रहे थे। राम प्रताप के बयानों पर पुलिस ने आरोपियों पर मामला दर्ज किया और उनकी तलाश शुरू की। पुलिस ने आरोपी राम दयाल व उसके साथी दीपक को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में राम दयाल ने कबूल किया कि उसने ही सोनू की हत्या की है। बेटी के अपनी मर्जी के मुताबिक शादी करने के कारण वह लोग खफा थे। वारदात वाले दिन सोनू सिंह अपनी रेहड़ी लगाकर घर लौट रहा था। तय योजना के मुताबिक वह और दीपक वहां पहुंचे। दीपक बाइक चला रहा था, जबकि वह पीछे बैठा था। उन लोगों ने सोनू को रोका और सोनू के सीने में गोली मार दी। इसके बाद वह दोनों बाइक पर फरार हो गए। तफतीश के दौरान पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उन्हें अदालत में पेश किया गया है। जहां उनका 2 दिन का रिमांड मिला है।