बीएसयूपी खलबाड़ा इलाके में लगातार खराब सफाई व्यवस्था को लेकर नगर निगम ने सख्त कदम उठाया है। नगर निगम जोन-9 के जोन कमिश्नर अंशुल शर्मा सीनियर ने सफाई ठेकेदार मेसर्स आदित्य इंटरप्राइजेज का ठेका तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दिया है। यह कार्रवाई नगर निगम आयुक्त विश्वदीप के निर्देश पर की गई। जोन-9 स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक बीएसयूपी खलबाड़ा में सफाई व्यवस्था लंबे समय से खराब थी। इसको लेकर ठेकेदार को 18 जुलाई, 29 जुलाई, 2 सितंबर और 30 सितंबर 2025 को नोटिस जारी किए गए थे, लेकिन इसके बाद भी स्थिति में सुधार नहीं हुआ। ठेका अवधि 16 जनवरी 2025 से 15 जनवरी 2026 तक थी, जिसे नियमों के तहत 3 महीने बढ़ाने का प्रस्ताव था, लेकिन ठेकेदार ने सहमति पत्र नहीं दिया और काम के प्रति गंभीरता नहीं दिखाई। विधायक प्रतिनिधि और पार्षद ने जताई नाराजगी रायपुर ग्रामीण विधायक मोतीलाल साहू के निर्देश पर विधायक प्रतिनिधि मैकमिलन साहू और वार्ड पार्षद सावित्री धीवर ने जोन कमिश्नर अंशुल शर्मा के साथ बीएसयूपी खलबाड़ा का निरीक्षण किया। मौके पर गंदगी और अव्यवस्था देखकर उन्होंने कड़ी नाराजगी जताई और तत्काल सफाई व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए। सीवर लाइन मरम्मत में देरी पर जुर्माना निरीक्षण के दौरान सीवर लाइन मरम्मत कार्य में हो रही अनावश्यक देरी को लेकर भी अधिकारियों को निर्देश दिए गए। विधायक प्रतिनिधि और पार्षद ने संबंधित ठेकेदार पर जुर्माना लगाने की कार्रवाई करने को कहा, ताकि काम में तेजी लाई जा सके। नगर निगम अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि खलबाड़ा इलाके में जल्द ही नई व्यवस्था के तहत सफाई कार्य शुरू कराया जाएगा, ताकि लोगों को गंदगी और स्वास्थ्य समस्याओं से राहत मिल सके।


