मलेशिया के नीलई शहर में 21 से 27 फरवरी 2025 तक होने वाली 31वीं एशियन ट्रैक साइक्लिंग चैंपियनशिप में बीकानेर के चार होनहार साइक्लिस्ट भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करेंगे। प्रशिक्षु बसंती कुमावत, महावीर सारण, नारायण गोदारा और सीताराम बेनीवाल ने शानदार प्रदर्शन कर भारतीय साइक्लिंग टीम में जगह बनाई है। यह खिलाड़ी आज दिल्ली से मलेशिया के लिए रवाना होंगे। कोच किशन कुमार पुरोहित ने इन खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि सभी साइक्लिस्ट कड़ी मेहनत और अनुशासन के दम पर इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में देश का नाम रोशन करेंगे। श्रवण राम डूडी, शिवरतन चौधरी, हरिराम तरड़, धर्मराम पहलवान, जीताराम चौधरी ने शुभकामनाएं दीं। प्रतियोगिता में दमदार प्रदर्शन की उम्मीद : बीकानेर के युवा साइक्लिस्टों ने राष्ट्रीय स्तर पर कई उपलब्धियां हासिल की हैं और अब वे एशियन चैंपियनशिप में अपने कौशल का प्रदर्शन करेंगे। इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में एशिया के शीर्ष साइक्लिस्ट हिस्सा लेंगे, जहां भारतीय टीम को इन खिलाड़ियों से बेहतरीन प्रदर्शन की उम्मीद है।


