बीकानेर में सोमवार से सरकारी और प्राइवेट स्कूल का समय सुबह दस बजे से दोपहर तीन बजे तक हो गया है। इसके साथ ही शीतलहर का असर सोमवार को भी रहा। सुबह कोहरे के बीच बच्चों को स्कूल जाने से छूट तो मिल गई लेकिन छुट्टी का इंतजार अभी भी बना हुआ है। दरअसल, मौसम विभाग ने अगले कुछ दिन तक बीकानेर में तापमान सामान्य रहने और मौसम शुष्क रहने की उम्मीद जताई थी, ऐसे में कलेक्टर नमृता वृष्णि ने छुट्टी के बजाय समय परिवर्तन किया। आमतौर पर सुबह आठ बजे की स्कूल होने पर बस और टेम्पो साढ़े सात बजे ही बच्चों को लेने पहुंच जाते हैं। ऐसे में ठिठुरते हुए बच्चे स्कूल के लिए रवाना होते हैं। अब कलेक्टर ने समय दस बजे कर दिया, जिससे बच्चों को साढ़े आठ से नौ बजे तक घर से निकलना होगा। सोमवार को हालांकि इस समय भी हल्का कोहरा रहा लेकिन विजिबिलिटी कम नहीं थी। समय बदलने से टीचर्स को भी राहत मिली है। अब तक टीचर्स को सुबह कोहरे के बीच ही स्कूल जाना पड़ रहा था लेकिन टीचर्स को भी साढ़े नौ बजे जाना पड़ रहा है। ऐसे में उन्हें भी राहत मिली है। बीकानेर में आने वाले दिनों में सर्दी का असर कम होने की उम्मीद की जा रही है, वहीं मौसम विभाग ने बीकानेर व जोधपुर संभाग में बारिश की उम्मीद भी जताई है। ऐसे में स्कूलों के नियमित रहने पर अभी भी संशय बरकरार है।


