बीकानेर के जेएनवीसी थाना पुलिस ने शहर में लगातार हो रही चोरी और नकबजनी की वारदातों का खुलासा करते हुए 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने पूछताछ में बीकानेर शहर व नागौर जिले में 15 से अधिक चोरी की वारदातें करना स्वीकार किया है। पुलिस के अनुसार 13 फरवरी 2026 को प्रार्थी कृष्णकांत मिश्रा ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 13 फरवरी को रात 1:29 से 1:50 बजे के बीच अज्ञात व्यक्तियों ने उनके मकान का ताला तोड़कर 25 हजार रुपए नकद, एक कैमरा सहित अन्य सामान चोरी कर लिया। इस संबंध में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान ट्रांसफार्मर वाली गली, संस्कार भवन के पास, भारत बेकरी के पास, नागणेची मंदिर क्षेत्र, वल्लभ गार्डन, पवनपुरी, सेक्टर 4 व 5 जेएनवीसी, खत्रियावास कॉलोनी, हेमू सर्किल, डेयरी बूथ सहित अन्य थाना क्षेत्रों में हुई चोरियों को भी लिंक किया गया। सीसीटीवी और तकनीकी साक्ष्यों से सुराग थानाधिकारी विक्रम तिवाड़ी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने सीसीटीवी फुटेज, टॉवर लोकेशन और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर आरोपियों की पहचान की। आरोपी रात में मोटरसाइकिल से घूमकर सूने मकानों की रेकी करते थे। मुख्य गेट पर ताला लगे मकानों को निशाना बनाकर दीवार फांदते, लोहे के सरियों से ताले तोड़कर नकदी व जेवरात चोरी कर लेते थे। ये आरोपी गिरफ्तार
1. विकास उर्फ भेरू (20) निवासी रामदेव मंदिर के पास, शिवबाड़ी, थाना जेएनवीसी
2. नदीम (24) पुत्र नानू खान निवासी लक्ष्मी तारा सिनेमा के पीछे, इस्लामपुरा, थाना कोतवाली, जिला नागौर
3. निखिल तेजी (22) पुत्र मुकेश तेजी निवासी वाल्मीकि बस्ती, शिवबाड़ी, थाना जेएनवीसी
4. अजीत उर्फ रोकी (25) निवासी उदयरामसर, थाना गंगाशहर
5. राकेश शर्मा (54) पुत्र रमेशचंद्र शर्मा निवासी लक्ष्मी विहार कॉलोनी, जयपुर रोड, थाना सदर
6. वीरेंद्र (22) पुत्र किसनाराम कंजर निवासी वार्ड नंबर 2, थाना कोलायत
7. भगवानराम (25) पुत्र भेमाराम निवासी सुरधना चौहानान, थाना देशनोक पुलिस के अनुसार आरोपियों से पूछताछ जारी है और अन्य वारदातों के खुलासे की संभावना है। विशेष भूमिका निभाने वाले कांस्टेबल सीमांत (नं. 1396) की सराहना की गई है।


