बीकानेर में देर रात तक होलिका दहन:‘साले की होली’ सबसे अंत में जली; एक बजे बाद निकली दूल्हे की छींकी, कलेक्टर ने खेली होली

बीकानेर में सोमवार को परंपरागत उल्लास के साथ होली मनाई गई। अधिकांश मोहल्लों में शाम को होलिका दहन हुआ, लेकिन ‘साले की होली’ चौक में देर रात दहन हुआ। रात एक बजे बाद दूल्हे की छींकी (परिक्रमा) निकली। परकोटे में बसे शहर में होली के रसिये देर रात तक मस्ती में डूबे रहे। इस दौरान नत्थूसर गेट और मोहता चौक क्षेत्र में भारी भीड़ के बीच एक-दो बार तनावपूर्ण स्थिति भी बनी, हालांकि आपसी समझाइश से मामला शांत हो गया। सुबह से ही बहनों ने भाइयों के तिलक और माला घुलाई की परंपरा निभानी शुरू कर दी, जो शाम तक जारी रही। परंपरागत रंग में दिखा शहर बीकानेर में सुबह से ही पारंपरिक होली का माहौल नजर आया। महिलाएं पति और भाइयों के साथ माला घुलाई की रस्म निभाने विभिन्न स्थानों पर जाती रहीं। शाम होते-होते गोकुल सर्किल से मोहता चौक तक होली के रसियों की भीड़ उमड़ पड़ी। कहीं फिल्मी गीतों पर नृत्य हुआ तो कहीं महिला वेश में सजे युवकों ने आकर्षण का केंद्र बनाया। परंपरा के अनुरूप कई स्थानों पर होलिका दहन से पूर्व गीत गाए गए, विधिवत पूजा-अर्चना की गई और फिर होलिका को अग्नि को समर्पित किया गया। गोकुल सर्किल पर उमड़ा जनसैलाब नत्थूसर गेट से पहले गोकुल सर्किल पर होली की शाम भारी भीड़ रही। वाहनों की कतारें पुष्करणा स्टेडियम तक लगी रहीं। गोकुल सर्किल से नत्थूसर गेट तक हजारों लोग मौजूद रहे। यहां कोई औपचारिक कार्यक्रम नहीं था, फिर भी आइसक्रीम और होली के रसियों को देखने के लिए शहरभर से लोग पहुंचे। दो स्थानों पर बनी तनाव की स्थिति गोकुल सर्किल पर उस समय तनाव बढ़ गया जब कुछ युवक लोहे का सरिया लेकर पहुंच गए। दो गुटों के बीच कहासुनी के बाद विवाद की आशंका बनी, लेकिन स्थानीय लोगों ने बीच-बचाव कर स्थिति संभाल ली। मोहता चौक में रात करीब डेढ़ बजे गुलाल लगाने के दौरान एक युवक का मोबाइल छीनने के प्रयास से विवाद हुआ। हालांकि यह मामला भी बढ़ने से पहले शांत करा दिया गया। पुलिस की कम उपस्थिति के कारण कुछ समय के लिए तनाव का माहौल बना रहा। रातभर खुली रहीं दुकानें परकोटे में रातभर चाय, कॉफी और नमकीन की दुकानें खुली रहीं। गोकुल सर्किल पर हजारों आइसक्रीम बिकीं, जबकि बारह गुवाड़, मोहता चौक, नत्थूसर गेट, सदाफते, मूंधड़ा चौक और लालाणी व्यासों के चौक क्षेत्र में नमकीन की दुकानों पर देर रात तक रौनक रही। देर रात निकली दूल्हे की गणेश परिक्रमा देर रात हर्ष समाज के दूल्हे की गणेश परिक्रमा निकाली गई। धुलंडी पर जहां पूरा शहर रंगों में सराबोर होगा, वहीं हर्ष समाज का युवक दूल्हे के रूप में व्यास समाज के घरों पर पहुंचेगा। इस वर्ष यशराज हर्ष को दुल्हा बनाया गया है। रात करीब दो बजे तक दूल्हे के साथ समाज के लोग विभिन्न मोहल्लों से गुजरते हुए “ऊं ना सुसी सा…” मंत्रोच्चार के साथ नाचते-गाते नजर आए। मंगलवार दोपहर दुल्हा पारंपरिक बारात के रूप में व्यास समाज के घर पहुंचेगा, जहां महिलाओं द्वारा उसका स्वागत दूल्हे की तरह किया जाएगा और वैवाहिक परंपराएं निभाई जाएंगी। कलेक्टर आवास पर खेली गई होली बीकानेर में जिला कलेक्टर नमृता वृष्णि के सरकारी आवास पर भी होली खेली गई। इस दौरान बड़ी संख्या में जिले के अधिकारी भी शामिल हुए। कलेक्टर ने स्वयं अधिकारियों के चेहरे पर गुलाल लगाई। इस दौरान उपस्थित अधिकारियों व कर्मचारियों ने कलेक्टर को तिलक लगाया। कई स्थानीय कलाकारों ने फाग गाया और चंग पर धमाल की।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *