बीकानेर के खाजूवाला में शनिवार की शाम ननद- भाभी ने चुन्नी से फंदा लगाकर सुसाइड कर लिया। दोनों ने एक ही पेड़ से लटक कर जान दी। घटना खाजूवाला थाना क्षेत्र में ग्राम पंचायत 34 KYD के चक 33 KYD स्थित वन विभाग के क्षेत्र में देर शाम हुई। शुरुआती जांच में घरेलू विवाद की बात सामने आई है। पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतकों की पहचान विवाहिता रत्नी देवी नायक(19) और माया नायक(20) के रूप में हुई है। दोनों मृतका आपस में ननद-भाभी हैं। सूचना पर खाजूवाला सीओ अमरजीत चावला, थानाधिकारी प्रशिक्षु RPS रोहित चौधरी सहित ASI मांगीलाल गोदारा, हेड कॉन्स्टेबल खिंयाराम और कॉन्स्टेबल ओमप्रकाश चौधरी मौके पर पहुंचे। ग्राम पंचायत 40 KYD के सरपंच रामेश्वरलाल गोदारा और 34 KYD के सरपंच मांगीलाल मेघवाल भी घटनास्थल पर मौजूद रहे। चुन्नी से फंदा लगाकर जान दी पुलिस के अनुसार, दोनों ने अपनी-अपनी चुन्नी से फंदा लगाकर सुसाइड कर लिया। शवों को नीचे उतारकर अग्रिम कार्रवाई की जा रही है। घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए बीकानेर से FSL टीम को बुलाया गया है, जिससे सबूत जुटाए जा सके। फिलहाल आत्महत्या के कारणों को लेकर परिजन और पुलिस दोनों स्तर पर पड़ताल जारी है। शुरुआती जांच में घरेलू विवाद को वजह माना जा रहा है, लेकिन विस्तृत अनुसंधान और FSL रिपोर्ट के बाद ही वास्तविक कारण सामने आ पाएंगे। कंटेंट : इस्माइल खान, खाजूवाला


