बीकानेर में युवक पर चाकू से किए 18 वार:रंजिश में हमला, छाती-पेट सहित कई जगह जख्म; दो में से एक आरोपी की पहचान

बीकानेर शहर के तिलक नगर क्षेत्र में आपसी रंजिश में मंगलवार देर रात एक युवक पर जानलेवा हमला हो गया। दो हमलावरों ने युवक पर चाकू से ताबड़तोड़ वार किए, जिससे युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। अब पीबीएम अस्पताल के ट्रोमा सेंटर में उसका इलाज चल रहा है। युवक के शरीर पर कई जगह वार से घाव हो गए। प्राप्त जानकारी के अनुसार आपसी रंजिश में दो युवकों ने तिलक नगर निवासी युवक मोहम्मद तारीफ पर अचानक हमला कर दिया। आरोपियों ने बेरहमी से करीब 18 बार चाकू से वार किए। लहूलुहान हालत में युवक को तुरंत ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। चिकित्सकों की टीम इलाज में जुटी है। घटना की सूचना मिलते ही जय नारायण व्यास कॉलोनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। इलाके में अफरा-तफरी का माहौल रहा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हमलावरों में दो जने शामिल थे। इनमें एक की पहचान हो चुकी है। वारदात के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने उनकी तलाश शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की जा सके। इस घटना के बाद तिलक नगर क्षेत्र में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों में आक्रोश व्याप्त है और क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है। कंटेंट : अलंकार गोस्वामी,बीकानेर

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *