छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में बुधवार की सुबह पुलिस और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई है। जवानों ने एक माओवादी को ढेर कर दिया है। वहीं, नक्सलियों ने IED ब्लास्ट किया, जिसमें DRG के 2 जवान घायल हो गए हैं। उन्हें इलाज के लिए बीजापुर जिला अस्पताल लाया गया है। हालांकि, दोनों की स्थिति ठीक है। मामला जिले के गंगालूर थाना क्षेत्र का है। पुलिस को सूचना मिली थी कि, मुनगा गांव के जंगल में DVCM दिनेश मोड़ियाम, आकाश हेमला, कंपनी-2 कमांडर वेल्ला, मिलिशिया प्लाटून कमांडर कमलू समेत अन्य 30-40 माओवादियों की उपस्थिति है। इसी सूचना के आधार पर DRG की टीम को सर्च ऑपरेशन के लिए निकाला गया था। जब जवान मौके पर पहुंचे, तो नक्सलियों ने फायरिंग करनी शुरू कर दी। दो जवान घायल, एक नक्सली ढेर जिसके बाद जवानों ने भी मोर्चा संभाला। नक्सलियों की गोलियों का जवाब दिया। मुठभेड़ के दौरान माओवादियों ने एक IED ब्लास्ट कर दी। जिसकी चपेट में DRG के 2 जवान मंगलू कुड़ियम और योगेश्वर सोरी आ गए। घायल होने के बाद भी दोनों नक्सलियों से लड़ते रहे। वहीं जब फायरिंग रुकी तो दोनों घायलों को साथियों ने मौके से निकाला और अस्पताल लेकर आए। शव समेत हथियार बरामद जिसके बाद DRG ने मौके पर सर्च ऑपरेशन चलाया। जिसमें एक माओवादी के शव को बरामद किया गया। हालांकि, उसकी शिनाख्त अब तक नहीं हो पाई है। ASP चंद्रकांत गवर्णा ने बताया कि DRG के जवानों ने मौके से भारी संख्या में हथियार समेत विस्फोटक सामाग्री भी बरामद की है। जब वे लौटेंगे तो और अधिक जानकारी मिल पाएगी।