बीजापुर जिले में नक्सल विरोधी अभियान के तहत केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) ने बड़ी कार्रवाई की है। शुक्रवार को जिले के नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में चार अवैध नक्सल स्मारकों को ध्वस्त कर दिया गया। यह कार्रवाई 13 फरवरी 2026 को कमलापुर और सिंगनपल्ली गांवों में की गई थी। अधिकारियों ने बताया कि ये स्मारक नक्सली विचारधारा के प्रचार-प्रसार और स्थानीय ग्रामीणों में भय का वातावरण बनाने के उद्देश्य से निर्मित किए गए थे। सीआरपीएफ की 229वीं बटालियन और 204 कोबरा बटालियन ने स्थानीय प्रशासन के समन्वय से एक संयुक्त अभियान चलाया। इस दौरान बिना किसी अप्रिय घटना के इन स्मारकों को सफलतापूर्वक ध्वस्त कर दिया गया। सीआरपीएफ अधिकारियों के अनुसार, इस प्रकार के प्रतीक नक्सली हिंसा को बढ़ावा देते हैं और युवाओं को गुमराह करने का माध्यम बनते हैं। इन स्मारकों को हटाकर यह स्पष्ट संदेश दिया गया है कि शासन-प्रशासन क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और विकास के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है। स्थानीय ग्रामीणों ने भी इस कार्रवाई का स्वागत करते हुए सुरक्षा बलों के प्रति अपना विश्वास व्यक्त किया है। अधिकारियों ने जानकारी दी कि क्षेत्र में आगे भी सर्च ऑपरेशन और जनसंपर्क गतिविधियां जारी रहेंगी, ताकि नक्सल प्रभाव को जड़ से समाप्त किया जा सके।


