बीजेपी नेता की बेटी से साढ़े 3 लाख रुपए ठगे:ठगी करने वाले ने खुद IFS बताया, शेयर मार्केट में कमाई कराने का झांसा दिया

शिवाजी पार्क थाना क्षेत्र में शेयर मार्केट में निवेश का लालच देकर बीजेपी नेता की बेटी से साढ़े 3 लाख रुपए ठगने का मामला सामने आया है। पीड़िता के पिता ने रिपोर्ट दर्ज करा दी।
शिवाजी पार्क निवासी निर्मल प्रकाश सूरा ने बताया कि उसकी बेटी हेमलता की फेसबुक पर लोकेश कुमार सक्सेना उर्फ लोकेन्द्र नाम के युवक से जान-पहचान हुई। जिसने खुद को आईएफएस अधिकारी और आगरा निवासी बताया। शेयर मार्केट में भी काम करने की जानकारी दी।
पहले युवती ने मना किया, लेकिन आरोपी के बार-बार कहने पर उसने विश्वास कर अपना पैन कार्ड, आधार कार्ड सहित अन्य दस्तावेज भेज दिए। इसके बाद 24 जून 2025 से आरोपी ने अलग-अलग तारीखों में खाता खोलने और निवेश के नाम पर रकम मांगनी शुरू कर दी। युवती ने ऑनलाइन माध्यम से 521 रुपये से शुरुआत कर 3,500 रुपए, 26 हजार रुपए, 45 हजार 500 रुपए, 47 हजार रुपए, 15 हजार रुपए, 10 हजार रुपए की कई किश्तों में बड़ी राशि भेजी। शिकायत के अनुसार कुल रकम करीब साढ़े तीन लाख भेज दिए।
आरोप है कि आरोपी हर बार फर्जी शेयर अकाउंट दिखाकर भारी मुनाफा होने का दावा करता रहा, लेकिन वास्तविक खाता संख्या उपलब्ध नहीं कराई। जब युवती ने अपने पैसे वापस मांगे तो आरोपी टालमटोल करने लगा और बाद में फोन उठाना भी बंद कर दिया।
शिकायत में आरोपी का बैंक खाता कोटक महिंद्रा बैंक, आगरा शाखा में होना बताया गया है। पुलिस ने परिवादी की रिपोर्ट के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) व 316(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच एएसआई समरदीन को सौंपी है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *