भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा- कांग्रेस का जनाधार धीरे-धीरे देश में कम होता जा रहा है। इसलिए अपनी खीज मिटाने के लिए कांग्रेस नेता कुछ भी बोल देते हैं। जहां कांग्रेस जीतती है वहां वे खुद की पीठ थपथपाते हैं। जहां हार का सामना करना पड़ता है वहां चुनाव आयोग तो कभी EVM पर हार का ठीकरा फोड़ने का काम करते हैं। राठौड़ ने कहा- डोटासरा मर्यादित नहीं बोलते। उनकी शब्दावली कितनी हल्की है। ये लोकतंत्र में ठीक नहीं है। जनता इसको ठीक नहीं मानती है। राठौड़ सोमवार को पाली में थे, उन्होंने यहां भास्कर से बातचीत की। चुनाव आयोग पर आरोप लगाना लोकतंत्र की हत्या जैसा राठौड़ ने कांग्रेस नेता गोविन्दसिंह डोटासरा के चुनाव आयोग पर सवाल खड़े करने के मामले में कहा कि चुनाव आयोग स्वतंत्र संस्था है। उस पर आरोप लगाना लोकतंत्र की हत्या जैसा है। बंगाल में ममता बनर्जी जीत रही है, तो कुछ नहीं बोलते। जहां हार का सामना करना पड़ता है तब जिम्मेदारी लेने की बजाय चुनाव आयोग तो भी ईवीएम पर हार का ठीकरा फोड़ने का काम करते हैं। बोले- सभी देशों से फ्यूल आने के रास्ते खुले इजराइल-ईरान में हो रहे युद्ध के बीच सैकड़ों भारतीयों के दुबई, ईरान में फंसे होने के सवाल पर राठौड़ ने कहा- देश का शीर्ष नेतृत्व इसको लेकर काम कर रहा है। सभी भारतीय सुरक्षित है। जैसे ही फ्लाइट शुरू होगी। उन्हें भारत लाया जाएगा। इजराइल-ईरान युद्ध के चलते देश में फ्यूल के भाव बढ़ने की आशंका के सवाल पर उन्होंने कहा कि देश में रिफाइनरी पर काम हो रहा है। कचरे से भी फ्यूल बनाने पर काम हो रहा है। अन्य देशों के साथ भी फ्यूल को लेकर रास्ते खुले है। ऐसी स्थिति नहीं आने देंगे।


