अशोकनगर के पुराने रेस्ट हाउस में शनिवार को बीजेपी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की। इसमें प्रदेश की मोहन सरकार के एक वर्ष में किए गए कार्यों को बताया गया। इस दौरान प्रदेश उपाध्यक्ष श्रीमती सीमा सिंह जादौन ने कहा कि मोहन यादव के नेतृत्व में भाजपा की सरकार ने कम समय में ही अभूतपूर्व उपलब्धियां हासिल की हैं। अंत्योदय यानी समाज की अंतिम पंक्ति के अंतिम व्यक्ति का कल्याण हमारा लक्ष्य है। इस लक्ष्य की प्राप्ति के लिए हमारी सरकार अपनी जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से जन-जन के जीवन में खुशहाली लाने के लिए निरंतर आगे बढ़ते रहेगी। प्रदेश सरकार का यह एक वर्ष मध्यप्रदेश को विकसित, गौरवशाली, वैभवशाली, संपन्न और समृद्ध बनाने के अभियान में मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने बताया कि 13 दिसंबर 2023 को डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने सफल एवं सार्थक एक वर्ष पूर्ण कर लिया है। मुख्यमंत्री ने अपने एक वर्ष के कार्यकाल में प्रदेश की उन्नति के लिये किसान, गरीब, महिला और युवाओं के लिये सफलता के द्वार खोल दिए हैं। इससे इन वर्गों के जीवन में अभूतपूर्व परिवर्तन आया है।


