सूरजपुर जिले में भाजपा के समर्थित प्रत्याशी के खिलाफ बगावत कर चुनाव मैदान में उतरी मोनिका सिंह के लिए विधायक रेणुका सिंह ने जनसभाएं कर समर्थन मांगा। भरतपुर-सोनहत विधायक रेणुका सिंह की बेटी जिला पंचायत के क्षेत्र क्रमांक-15 से चुनाव मैदान में हैं। यहां उनका मुकाबला भाजपा के अधिकृत प्रत्याशी वेद प्रकाश सिंह और कांग्रेस के अधिकृत प्रत्याशी सतवंत सिंह से है। दरअसल, रामानुनगर क्षेत्र में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के लिए मतदान 20 फरवरी को होगा। मतदान से पहले रेणुका सिंह ने बेटी मोनिका सिंह के चुनावी कार्यालयों का शुभारंभ किया। रेणुका सिंह ने छिंदिया में आयोजित जनसभा में कहा कि, भाजपा ने मोनिका सिंह को अधिकृत प्रत्याशी नहीं बनाया, लेकिन भाजपा कार्यकर्ताओं की इच्छा थी कि मोनिका सिंह चुनाव लड़े। आप उसे आशीर्वाद दीजिए। रेणुका का दावा- विपरीत परिस्थिति में जीती लोकसभा चुनाव रेणुका सिंह ने छिंदिया में बेटी के चुनाव प्रचार के दौरान कहा कि, जब सरगुजा में 8 सीटों पर कांग्रेस का कब्जा था, उनके दो मंत्री थे। विपरीत परिस्थिति थी, तब भाजपा ने उन्हें सांसद प्रत्याशी बनाया और विपरीत परिस्थिति में जनता ने उन्हें रिकार्ड मतों से जीत दिलाई। वर्तमान में वे ज्यादातर समय भरतपुर-सोनहत विधानसभा क्षेत्र में रहती हैं। जो लोग घर आते हैं, उन्हें निराश न होना पड़े और उनका काम हो, इसलिए बेटी मोनिका को चुनाव लड़ने की अनुमति दी। चांगभखार जिला बनेगा, रेललाइन से जुड़ेगा अपने संसदीय कार्यकाल की उपलब्धि बताने के साथ रेणुका सिंह ने कहा कि, भरतपुर-सोनहत क्षेत्र में उन्होंने घोषणा की थी कि चांग-भखार को जिला बनाएंगीं और रेल लाइन से जनकपुर को जोड़ा जाएगा। दोनों प्रमुख वादे पूरे होंगे। रेणुका सिंह को इन दोनों वादों के लिए विपक्ष के साथ प्रतिद्वंदी भी घेरते रहे हैं। मां को सीएम बनने देखना चाहती थी मोनिका पिछले विधानसभा चुनाव में मोनिका सिंह भरतपुर सोनहत क्षेत्र में जमकर सक्रिय रहीं। रेणुका सिंह के चुनाव जीतने के बाद मोनिका सिंह ने कहा था कि वह अपनी मां को मुख्यमंत्री के रूप में देखना चाहती हैं। मोनिका सिंह का यह बयान भी चर्चा में रहा। इसे लेकर भरतपुर सोनहत के पूर्व विधायक गुलाब कमरो ने भी तंज कसते हुए पोस्ट लिखा था। देखिए गुलाब कमरो का पोस्ट… तुलेश्वर के बेटे से मुकाबला जोगी सरकार में राज्यमंत्री रहे तुलेश्वर सिंह के बेटे से मोनिका सिंह का मुकाबला होगा। इसके साथ ही भाजपा के अधिकृत प्रत्याशी वेद प्रकाश सिंह के साथ भी। तुलेश्वर सिंह और रेणुका सिंह वर्ष 2003 में विधानसभा चुनाव में आमने-सामने थे। रेणुका सिंह ने तुलेश्वर सिंह को बड़े अंतर से हराया था। बाद में भी तुलेश्वर सिंह ने रेणुका सिंह के खिलाफ चुनाव लड़ा, लेकिन दल कांग्रेस नही था। इन नेताओं के रिश्तेदार भी चुनाव मैदान में सूरजपुर जिले में रेणुका सिंह की बेटी मोनिका सिंह और पूर्व मंत्री तुलेश्वर सिंह के बेटे सतवंत सिंह के साथ ही पूर्व गृहमंत्री रामसेवक पैकरा की पत्नी शशि पैकरा जिला पंचायत क्षेत्र क्रमांक 6 (ओड़गी 2) से चुनाव मैदान में हैं। भाजपा ने उन्हें समर्थित प्रत्याशी घोषित किया है। शशि पैकरा अविभाजित सरगुजा और विभाजन के बाद सूरजपुर में जिला पंचायत सदस्य रह चुकी हैं। रामसेवक पैकरा के बेटे लवकेश पैकरा ने भी जिला पंचायत क्षेत्र क्रमांक-10 (प्रतापपुर 1) से नामांकन दाखिल किया है। हालांकि भाजपा ने परिवारवाद के आरोपों से बचने इस क्षेत्र से किसी का समर्थन नहीं किया है।


