भास्कर न्यूज| महासमुंद बीज कंपनी द्वारा किए गए कथित अन्याय के खिलाफ महासमुंद जिले के किसानों ने उग्र आंदोलन की तैयारी कर ली है। कावेरी बीज कंपनी सिकंदराबाद (तेलंगाना) के रबी सीजन 2024-25 का भुगतान न किए जाने से आक्रोशित 132 किसान और मजदूर 20 फरवरी को महासमुंद से रायपुर के लिए विशाल ट्रैक्टर रैली निकालेंगे। किसानों ने सोमवार को कलेक्टर को अल्टीमेटम सौंप दिया है। महासमुंद के पन्नालाल टावर में आयोजित किसानों की महत्वपूर्ण बैठक में सोमवार को बकाया राशि का पूरा ब्यौरा प्रस्तुत किया गया। किसानों के अनुसार कुल राशि ₹3,74,98,610 होते हैं। जिला पंचायत सदस्य जागेश्वर जुगनू चंद्राकर और भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के प्रदेश महासचिव तेजराम विद्रोही ने कहा कि कंपनी ने किसानों की जमीन लीज पर लेकर बीज उत्पादन कराया और मजदूरों से कड़ी मेहनत ली, लेकिन आज तक फूटी कौड़ी नहीं दी। प्रभावित किसानों (कृष्ण कुमार चंद्राकर, रोशन, महेन्द्र, प्रवीण, भीखम, पंकज, केशवराम पाल आदि) ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि 20 फरवरी को महासमुंद से सैकड़ों ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के साथ किसान रायपुर के धनेली स्थित कंपनी के प्रोसेसिंग प्लांट का घेराव करेंगे। जल्द भुगतान नहीं तो रेल रोको आंदोलन करेंगे किसान नेता विद्रोही का कहना है कि यदि तत्काल भुगतान नहीं किया गया तो आंदोलन को उग्र करते हुए रेल रोको जैसे कड़े कदम उठाए जाएंगे। यह केवल पैसों का मामला नहीं है, यह हमारे पसीने की कीमत और सम्मान की लड़ाई है।


